ज्योति कुमारी को शैक्षणिक अनुसंधान पुरस्कार-2026 से किया गया सम्मानित
शोध एवं शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए मिला सम्मान, चितरपुर कॉलेज का बढ़ा गौरव
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
रजरप्पा। शिक्षा एवं शोध के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए चितरपुर कॉलेज की भूगोल विभाग की सहायक प्राध्यापक ज्योति कुमारी को शैक्षणिक अनुसंधान पुरस्कार-2026 से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उनके शोध कार्य, शैक्षणिक योगदान एवं शिक्षा के क्षेत्र में सक्रिय सहभागिता के लिए प्रदान किया गया। यह सम्मान संत मालिक मेमोरियल इंस्टीट्यूट (बीएड कॉलेज), बजौरा, गया में आयोजित बहुविषयक राष्ट्रीय संगोष्ठी के दौरान प्रदान किया गया। संगोष्ठी का विषय भविष्य के लिए शिक्षक शिक्षा का पुनर्प्रशिक्षण, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, नवाचार, सततता एवं समावेशी शिक्षा का एकीकरण था।
टर्टल फाउंडेशन के सहयोग से आयोजन
कार्यक्रम का आयोजन संत मालिक मेमोरियल इंस्टीट्यूट (बीएड कॉलेज) बजौरा, गया द्वारा टर्टल फाउंडेशन फॉर रिसर्च एंड एजुकेशन ट्रस्ट (टीएफआरई), रामगढ़ के सहयोग से किया गया। संगोष्ठी में शिक्षा, अनुसंधान, शिक्षक प्रशिक्षण, नवाचार एवं समावेशी शिक्षा से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई।
चितरपुर कॉलेज परिवार ने जताई खुशी
ज्योति कुमारी को मिले इस सम्मान से चितरपुर कॉलेज का भी गौरव बढ़ा है। उनकी उपलब्धि पर महाविद्यालय परिवार, शिक्षाविदों, सहकर्मियों एवं शुभचिंतकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। शैक्षणिक अनुसंधान के क्षेत्र में मिला यह सम्मान ज्योति कुमारी की अकादमिक यात्रा की महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। उनके शोध एवं शैक्षणिक योगदान को इस सम्मान के माध्यम से पहचान मिली है।






