BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

गढ़बांध जलापूर्ति योजना को मिलेगी रफ्तार, 20 दिसंबर तक पूरा होगा फेज-2 का काम


डीसी ऋतुराज ने वाटर प्लांट का किया निरीक्षण, तय समयसीमा में छावनी परिषद को योजना सौंपने का निर्देश

आम लोगों को पेयजल कनेक्शन देने की तैयारी तेज, डीपीआर से अतिरिक्त कराए गए कार्यों का भी होगा आकलन

अनिल विश्वकर्मा 

रामगढ़। रामगढ़ शहर की पेयजल व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में गढ़बांध वाटर प्लांट की फेज-2 जलापूर्ति योजना को जल्द धरातल पर उतारने की कवायद तेज हो गई है। शनिवार को डीसी ऋतुराज एवं रामगढ़ छावनी परिषद के मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी विवेक सिंह ने योजना का संयुक्त निरीक्षण किया। इस दौरान पेयजल एवं स्वच्छता विभाग की ओर से कराए जा रहे कार्यों की समीक्षा के साथ निर्माण कार्यों की वास्तविक स्थिति का जायजा लिया गया।

20 दिसंबर तक पूरा करना होगा शेष काम

निरीक्षण के दौरान डीसी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि फेज-2 जलापूर्ति योजना के अंतर्गत बचे हुए सभी कार्य 20 दिसंबर 2026 तक हर हाल में पूरे किए जाएं। इसके बाद पूरी योजना रामगढ़ छावनी परिषद को हस्तांतरित की जाए, ताकि आगे इसके संचालन और आम नागरिकों को पेयजल उपलब्ध कराने की प्रक्रिया सुनिश्चित की जा सके।

डीपीआर से अतिरिक्त कार्यों का भी बनेगा ब्योरा

डीसी ने योजना के तहत कराए गए कार्यों का संयुक्त सर्वेक्षण कराने का निर्देश दिया। साथ ही डीपीआर में निर्धारित कार्यों के अलावा अतिरिक्त रूप से कराए गए कार्यों का भी अलग से पूरा विवरण तैयार करने को कहा। उन्होंने सभी कार्यों की विस्तृत निरीक्षण रिपोर्ट तैयार कर उपायुक्त कार्यालय को सौंपने का निर्देश दिया, ताकि योजना की वास्तविक प्रगति और कार्यों की स्थिति का आकलन किया जा सके।

हर घर तक पेयजल कनेक्शन पहुंचाने पर जोर

योजना का उद्देश्य केवल निर्माण कार्य पूरा करना नहीं, बल्कि आम लोगों को इसका सीधा लाभ पहुंचाना है। इसी को ध्यान में रखते हुए उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को आम जनता को पेयजल कनेक्शन उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई शुरू करने को कहा। उन्होंने पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के कार्यपालक अभियंता, एसडीओ, कनीय अभियंता एवं अन्य संबंधित पदाधिकारियों को सभी निर्देशों का समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित करने की हिदायत दी।

निरीक्षण के दौरान ये थे उपस्थित

निरीक्षण के दौरान रामगढ़ छावनी परिषद के सीईओ, छावनी परिषद के नामित सदस्य अनमोल सिंह, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के कार्यपालक अभियंता, सहायक अभियंता (एसडीओ), कनीय अभियंता एवं अन्य विभागीय कर्मचारी उपस्थित थे।