logo

Advertisement
Advertisement

गरबा में प्रवेश से पहले पहचान जांच की मांग, हिंदुओं को प्रवेश देने पर जोर


नियमों की अनदेखी पर विरोध की चेतावनी, 8 अक्टूबर को रामगढ़ में दुर्गा वाहिनी का पथ संचलन

कलाकारों से लेकर सुरक्षा कर्मियों तक के सत्यापन की मांग

महिलाओं की सुरक्षा और संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी की अपील

रांची एक्सप्रेस संवाददाता 

रामगढ़। आगामी नवरात्रि और गरबा आयोजनों को लेकर विश्व हिंदू परिषद (विहिप) एवं बजरंग दल की जिला स्तरीय बैठक बुधवार को शहर के होटल ला मैरिटल में हुई। बैठक में गरबा कार्यक्रमों की प्रवेश व्यवस्था, प्रतिभागियों की पहचान और सुरक्षा को लेकर संगठन की ओर से विभिन्न मांगें रखी गईं।

प्रवेश व्यवस्था में पहचान जांच की मांग

विहिप जिला मंत्री छोटू वर्मा ने गरबा आयोजकों से प्रवेश से पहले वैध फोटो पहचान पत्र अथवा आधिकारिक प्रवेश पास की जांच कराने की मांग की। संगठन की ओर से गरबा कार्यक्रमों में केवल हिंदू प्रतिभागियों को प्रवेश देने की मांग भी रखी गई। उन्होंने नवरात्रि के धार्मिक महत्व को देखते हुए प्रतिभागियों से तिलक लगाकर गरबा में शामिल होने की अपील की।

कार्यक्रम से जुड़े कर्मियों के सत्यापन पर जोर

बजरंग दल जिला संयोजक महेंद्र ठाकुर ने कहा कि गरबा कार्यक्रमों में कार्यरत कलाकार, फोटोग्राफर, वीडियोग्राफर, लाइट-साउंड ऑपरेटर, खानपान कर्मी, पार्किंग कर्मचारी और बाउंसरों का सत्यापन कराया जाना चाहिए। संगठन ने महिलाओं की सुरक्षा को लेकर छेड़छाड़, अनुचित फोटोग्राफी-वीडियोग्राफी और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी की मांग की।

कानून हाथ में नहीं लेने की अपील

बैठक में आयोजकों से निर्धारित नियमों का पालन सुनिश्चित करने की अपील की गई। संगठन ने कहा कि नियमों के उल्लंघन की स्थिति में पुलिस-प्रशासन को सूचना दी जानी चाहिए। साथ ही कार्यकर्ताओं से भी कानून अपने हाथ में नहीं लेने की अपील की गई। विहिप प्रांत संगठन मंत्री चितरंजन कुमार और दुर्गा वाहिनी की प्रांत संयोजिका किर्ती गौरव ने नवरात्रि को आस्था और भक्ति का पर्व बताते हुए गरबा आयोजनों में धार्मिक मर्यादा और सुरक्षा व्यवस्था का विशेष ध्यान रखने की बात कही।

8 अक्टूबर को निकलेगा दुर्गा वाहिनी का पथ संचलन

बैठक में निर्णय लिया गया कि 8 अक्टूबर को रामगढ़ जिले में दुर्गा वाहिनी की ओर से भव्य पथ संचलन निकाला जाएगा। कार्यक्रम को लेकर कार्यकर्ताओं को आवश्यक जिम्मेदारियां भी सौंपी गईं।

बैठक में ये थे उपस्थित 

बैठक में विहिप जिला सह मंत्री भागीरथ पोद्दार, सह मंत्री अमित कुमार, दुर्गा वाहिनी जिला संयोजिका अनामिका श्रीवास्तव, विनय शर्मा, अनिकेत कुमार, आशीष शर्मा, सनी महतो, डब्ल्यू साहू, रॉकी नायक, सनोज कुमार समेत अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।