logo

Advertisement
Advertisement

शिलान्यास के दौरान भिड़े बीजेपी और कांग्रेस समर्थक, विधायक ममता ने जताई आपत्ति


रांची एक्सप्रेस संवाददाता 

रामगढ़। शहर का बिजुलिया तालाब बेहद महत्वपूर्ण स्थान है। यहां सड़क और नाली निर्माण की योजना के लिए शिलान्यास हो रहा था। बुधवार की शाम शिलान्यास के दौरान ही भाजपा सांसद मनीष जायसवाल और कांग्रेस की विधायक ममता देवी के समर्थक आपस में भिड़ गए। पहले तो दोनों ओर से जमकर नारेबाजी हुई। बाद में तो तू-तू-मैं-मैं और नोंक-झोंक शुरू हो गया। अंत में विधायक ममता देवी ने कड़ी आपत्ति जताई। जिसके बाद नेता और समर्थक अपने-अपने रास्ते हो लिए।

डीएमएफटी फंड से हो रहा था शिलान्यास 

दरअसल रामगढ़ शहर में डीएमएफटी फंड से कई योजनाएं स्वीकृत की गई है। बिजुलिया तालाब में नाली और सड़क निर्माण के लिए लगभग 2 करोड़ रुपए की योजना स्वीकृत की गई थी। इस योजना के शिलान्यास के लिए कई बार तिथि निश्चित हुई। सांसद मनीष जायसवाल की मौजूदगी रामगढ़ में नहीं हो पा रही थी। उनके समर्थक और सांसद प्रतिनिधि इस बात पर जो रहते थे कि सांसद इस योजना के शिलान्यास के दौरान मौजूद रहने की इच्छा रखते हैं। दो बार से रद्द हुई तिथि के बाद 26 सितंबर को छावनी परिषद की ओर से 30 सितंबर की तिथि शिलान्यास के लिए तय की गई। शाम 3:00 बजे जब सांसद मनीष जायसवाल अपने समर्थकों के साथ शिलान्यास स्थल पर पहुंचे तो वहां पहले से मौजूद कांग्रेस विधायक ममता देवी और उनके समर्थक अपने-अपने पार्टी नेता के लिए नारेबाजी करने लगे। दोनों तरफ से नारेबाजी के बाद गलत टिप्पणियां शुरू हो गई।

विधायक ममता ने बताई पूरी कहानी 

विधायक ममता देवी ने कहा कि भाजपा समर्थक हुड़दंग पर उतर आए थे और शांति भंग करने पर उतारू थे। उनकी हुडिंग से परेशान होकर उन्होंने आपत्ति जताई। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि इस दौरान सांसद मनीष जायसवाल ने किसी भी प्रकार की कोई टिप्पणी नहीं की। फिलहाल यह पूरा मामला रामगढ़ जिले में चर्चा का विषय बन गया है।