भुरकुंडा। भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती एवं झारखंड राज्य का 26वां स्थापना दिवस रविवार को भाजपा भुरकुंडा मंडल के तत्वावधान में बिरसा चौक पर धूमधाम से मनाया गया। इस दौरान बड़कागांव विधायक रोशनलाल चौधरी, बीडीओ पतरातू मनोज गुप्ता, पूर्व जिप उपाध्यक्ष मनोज राम, सांसद प्रतिनिधि भुरकुंडा मंडल सतीश मोहन मिश्रा ने संयुक्त रूप से धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें शत-शत नमन किया। इस दौरान पूरा क्षेत्र बिरसा मुंडा अमर रहे की गूंज से गुंजायमान हो उठा। मौके पर विधायक रोशनलाल चौधरी ने भगवान बिरसा मुंडा की जयंती, झारखंड स्थापना दिवस, राष्ट्रीय जनजातीय गौरव दिवस और आस्था के महापर्व छठ पूजा की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का जीवन संघर्ष, त्याग और जल, जंगल, जमीन की रक्षा की प्रेरणा देता है। उनके बताए मार्ग पर चलकर ही हम एक सशक्त, समृद्ध और आत्मनिर्भर झारखंड का निर्माण कर सकते हैं। हमें उनके उलगुलान के विचारों को आत्मसात करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि आज झारखंड अपने विकास के 25 वर्ष पूरे कर 26वें वर्ष में प्रवेश कर रहा है, जो हम सभी के लिए गर्व का क्षण है। इसके साथ ही जनजातीय गौरव दिवस हमारी समृद्ध विरासत को याद करने का दिन है। बीडीओ मनोज गुप्ता ने अपने विचार साझा करते हुए कहा कि झारखंड की माटी वीरों और बलिदानियों की भूमि रही है। भगवान बिरसा मुंडा ने जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए जो आंदोलन चलाया, वह आज भी हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। राज्य सरकार और प्रशासन मिलकर जनजातीय संस्कृति के संरक्षण और क्षेत्र के विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। इस दौरान उन्होंने महापर्व छठ की शुभकामनाएं देते हुए सभी से शांति और सौहार्द के साथ पर्व मनाने की अपील की। कार्यक्रम का संचालन उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडलीय प्रभारी सह दूरसंचार सलाहकार समिति सदस्य योगेश दांगी ने किया। जबकि धन्यवाद ज्ञापन भुरकुंडा मंडलाध्यक्ष अजय पासवान व प्रदीप मांझी ने संयुक्त रूप से किया। मौके पर मंडलमंत्री विनोद कुमार सिंह, संतोष शर्मा, राजेश मंडल, अनूप ठाकुर, जनार्दन सिंह सहित दर्जनों भाजपाई व भाजपा सार्थक मौजूद थे।



.jpg)


