राज्य स्तरीय चित्रकला प्रतियोगिता में अग्रसेन डीएवी की छात्राओं ने लहराया परचम
सृष्टि पंडित ने हासिल किया द्वितीय स्थान, 30 हजार रुपये का पुरस्कार, राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए दिल्ली में करेंगी प्रतिनिधित्व
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
रामगढ़। ऊर्जा संरक्षण विषय पर आयोजित राज्य स्तरीय चित्रकला प्रतियोगिता में अग्रसेन डीएवी पब्लिक स्कूल भरेचनगर की छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय और रामगढ़ का नाम रोशन किया। राज्यभर के 12,706 विद्यार्थियों के बीच आयोजित इस प्रतियोगिता में विद्यालय की छात्राओं ने अपनी कला, कल्पनाशीलता और रचनात्मक सोच के दम पर पुरस्कार हासिल किए।
सृष्टि पंडित की पेंटिंग को राज्य में दूसरा स्थान
कक्षा आठवीं की छात्रा सृष्टि पंडित ने राज्य स्तर पर द्वितीय स्थान प्राप्त कर बड़ी उपलब्धि हासिल की। उन्हें पुरस्कार स्वरूप 30 हजार रुपये का चेक, मेडल, प्रमाणपत्र और उपहार प्रदान किया गया। सृष्टि की इस सफलता ने अब राष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने का रास्ता खोल दिया है। आगामी 11 दिसंबर को दिल्ली में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय प्रतियोगिता में वह झारखंड का प्रतिनिधित्व करेंगी।
खुशी और मीठी ने भी जीते पुरस्कार
विद्यालय की कक्षा नौवीं की छात्रा खुशी कुमारी और कक्षा सातवीं की छात्रा मीठी कुमारी ने भी अपनी कलात्मक प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। दोनों छात्राओं को दो-दो हजार रुपये के चेक, मेडल, प्रमाणपत्र एवं उपहार देकर सम्मानित किया गया।
रांची में हुई राज्य स्तरीय प्रतियोगिता
दामोदर घाटी निगम की ओर से राज्य स्तरीय चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन रांची के डोरंडा स्थित पलाश सभागार में किया गया। प्रतियोगिता का विषय 'ऊर्जा संरक्षण' था। कार्यक्रम में झारखंड सरकार के ऊर्जा विभाग के संयुक्त सचिव सह निदेशक अनंत कुमार (आईएएस) मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे। उन्होंने विजेता विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए जीवन में निरंतर आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
प्राचार्य ने प्रतिभा और मार्गदर्शन को सराहा
विद्यालय के प्राचार्य जीपी झा ने छात्राओं की सफलता पर हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी। उन्होंने कहा कि ऊर्जा संरक्षण केवल प्रतियोगिता का विषय नहीं, बल्कि मानवता के भविष्य से जुड़ा गंभीर दायित्व है। ऊर्जा संसाधन सीमित हैं, इसलिए आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए उनका विवेकपूर्ण उपयोग जरूरी है। विद्यार्थियों की कलात्मक अभिव्यक्ति ऐसे महत्वपूर्ण विषयों पर समाज में जागरूकता फैलाने का प्रभावी माध्यम है। वही, इस सफलता में विद्यालय के कला शिक्षक नीरज पाठक का मार्गदर्शन भी अहम रहा। उनके निर्देशन में छात्राओं की रचनात्मक प्रतिभा को निखारने में महत्वपूर्ण योगदान मिला।






