करमा पर्व प्रकृति से जुड़ने और उसकी रक्षा का दिलाता है संकल्प : चंद्रप्रकाश चौधरी
कुंदरूकलां में प्रखंड स्तरीय बूढ़ा करमा पूजा महोत्सव का हुआ भव्य आयोजन, खूब झूमे लोग
कुंदरूकलां में प्रखंड स्तरीय बूढ़ा करमा पूजा महोत्सव का हुआ भव्य आयोजन, खूब झूमे लोग
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
रजरप्पा। कुंदरूकलां पंचायत के महथा बगीचा में रविवार को रामगढ़ प्रखंड स्तरीय बूढ़ा करमा पूजा महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि गिरिडीह सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी, विशिष्ट अतिथि मांडू विधायक तिवारी महतो, रामगढ़ की पूर्व विधायक सुनीता चौधरी, जिप अध्यक्ष सुधा चौधरी, उपाध्यक्ष रीता देवी सहित अन्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। कार्यक्रम में जिप सदस्य धनेश्वर महतो, जलेश्वर महतो, प्रीति दीवान, आजसू के केंद्रीय सचिव ब्रह्मदेव महतो, अमृतलाल मुंडा, कुंदरूकलां मुखिया किशुनराम मुंडा, दोहाकातू मुखिया कलावती देवी, बारलौंग मुखिया रेखा देवी, पूर्व मुखिया शीला देवी, पूनम देवी एवं पंसस प्रियंका देवी मुख्य रूप से उपस्थित थे।
तीनों पंचायतों की टीमों ने लिया हिस्सा
बूढ़ा करमा महोत्सव में रामगढ़ प्रखंड अंतर्गत कुंदरूकलां, बारलौंग और दोहाकातू पंचायत की प्रतिभागी टीमों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम के दौरान पारंपरिक संस्कृति और करमा पर्व की झलक देखने को मिली। बड़ी संख्या में महिला-पुरुष, बच्चे, बुजुर्ग एवं युवक-युवतियां महोत्सव में शामिल हुए।
ढोल की थाप पर जमकर झूमे लोग
झारखंड की मशहूर महिला ढोल वादक हेमली कुमारी ने अपनी टीम के साथ पारंपरिक वादन की प्रस्तुति दी। ढोल की थाप पर उपस्थित लोग देर शाम तक झूमते रहे। इस दौरान सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी ने स्वयं ढोल बजाया और लोगों के साथ झूमते नजर आए। वहीं, पूर्व विधायक सुनीता चौधरी अखरा में पहुंची और महिलाओं एवं युवतियों के साथ झूमर नृत्य कर उनका उत्साहवर्धन किया।
प्रकृति संरक्षण का संदेश देता है करमा पर्व : सांसद
सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी ने कहा कि करमा पर्व हमें प्रकृति से जुड़ने और उसकी रक्षा का संकल्प दिलाता है। उन्होंने लोगों से एकजुट रहकर अपनी संस्कृति और परंपराओं को आने वाली पीढ़ी तक पहुंचाने की अपील की। वहीं, मांडू विधायक तिवारी महतो ने कहा कि प्रकृति और भाई-बहन के पवित्र रिश्ते का यह अनोखा पर्व करम पूजा है। यह पर्व प्रकृति के साथ सामंजस्य स्थापित करने और उसके संरक्षण का संदेश देता है।
बड़ी संख्या में लोग हुए शामिल
इससे पूर्व आयोजन समिति के मुख्य संरक्षक सह मुखिया किशुनराम मुंडा, अध्यक्ष मोहराय महतो, सचिव प्रदीप नायक, सहसचिव धनेश्वर यादव, कोषाध्यक्ष बालेश्वर महतो एवं उपकोषाध्यक्ष महेश महतो ने अतिथियों को पगड़ी पहनाकर एवं अंगवस्त्र ओढ़ाकर स्वागत किया। कार्यक्रम में आजसू के जिला कार्यकारी अध्यक्ष दिनेश महतो, सुबोध महतो, नित्यानंद महतो, गोपाल चौधरी, तुलसीदास महतो, राजेश महतो, मनोज महतो, जगदेव महतो, सतीश आर्यन, संजय सिंघानिया सहित बड़ी संख्या में महिला-पुरुष, बच्चे-बुजुर्ग और युवक-युवतियां शामिल थे।






