महीनों से खराब जलमीनार दुरुस्त, ग्रामीणों को मिली पेयजल संकट से राहत
पलामू: प्रखंड क्षेत्र के जोगा गांव में सतेन्द्र चौकदार के आवास के समीप महीनों से खराब पड़ा जलमीनार दुरुस्त होने के बाद पुनः चालू हो गया है। जलमीनार के बंद रहने से आसपास के दर्जनों परिवारों को पेयजल के लिए काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
ग्रामीणों से समस्या की जानकारी मिलने के बाद युवा समाजसेवी सह पूर्व जिला परिषद प्रत्याशी अजय कुमार गुप्ता ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के अधिकारियों से संपर्क किया। इसके बाद विभाग की ओर से जलमीनार की तकनीकी खराबी को दूर कर जलापूर्ति बहाल कर दी गई।
जलमीनार से पानी की आपूर्ति शुरू होने के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। ग्रामीणों ने इसके लिए अजय कुमार गुप्ता के प्रति आभार जताते हुए कहा कि पेयजल संकट दूर होने से रोजमर्रा के कामकाज में काफी सुविधा होगी।
अजय कुमार गुप्ता ने कहा कि क्षेत्र के लोगों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में पेयजल समेत अन्य जनसमस्याओं के समाधान के लिए संबंधित विभाग और अधिकारियों के समक्ष लगातार आवाज उठाई जाती रहेगी।






