BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

कबरा कला सोन नदी बालू घाट की नीलामी पर ग्रामीणों में आक्रोश, निविदा रद्द करने की मांग


पलामू :हुसैनाबाद:सोन नदी से बालू उठाव की प्रस्तावित योजना ने हैदरनगर प्रखंड के कबरा कला गांव के ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। गांव में भविष्य के पेयजल संकट की आशंका जताते हुए ग्रामीणों ने सोन नदी बालू घाट की निविदा रद्द करने की मांग उठाई है। इस संबंध में ग्रामीणों ने अंचल अधिकारी हैदरनगर के माध्यम से पलामू के उपायुक्त को आवेदन सौंपकर जनहित में तत्काल हस्तक्षेप करने की गुहार लगाई है।
ग्रामीणों का कहना है कि कबरा कला गांव सोन नदी के बिल्कुल समीप ऊंचाई वाले क्षेत्र में बसा है। गर्मी के मौसम में यहां भूजल स्तर पहले ही काफी नीचे चला जाता है। ऐसे में यदि गांव के समीप सोन नदी से बड़े पैमाने पर बालू का उठाव किया गया, तो भूजल स्तर पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा। इससे गांव के कुएं, चापाकल और अन्य जलस्रोत प्रभावित होंगे और आने वाले दिनों में पेयजल का गंभीर संकट खड़ा हो सकता है।
आवेदन में ग्रामीणों ने कहा है कि गांव की बड़ी आबादी अपनी दैनिक जरूरतों के लिए भूजल और सोन नदी पर निर्भर है। ऐसे में बालू घाट की निविदा को स्वीकृति देना ग्रामीणों के लिए भविष्य में बड़ी परेशानी का कारण बन सकता है। ग्रामीणों ने विशेष रूप से कमजोर एवं पिछड़े वर्ग के परिवारों की पेयजल संबंधी कठिनाइयों का हवाला देते हुए कहा है कि विकास और राजस्व से जुड़े निर्णयों में स्थानीय आबादी के जीवन और बुनियादी जरूरतों की अनदेखी नहीं होनी चाहिए।
ग्रामीणों ने उपायुक्त से पूरे मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रस्तावित बालू घाट की निविदा रद्द करने तथा गांव के जलस्रोतों और भूजल स्तर की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। आवेदन पर विवेकानंद सिंह, अनुप शर्मा, गोलू कुमार सिंह, सुधांशु सिंह, रित्विक सिंह समेत कबरा कला के कई ग्रामीणों के हस्ताक्षर हैं। आवेदन की प्रतिलिपि प्रखंड विकास पदाधिकारी हैदरनगर एवं अनुमंडल पदाधिकारी हुसैनाबाद को भी भेजी गई है।