BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

मुस्कुराहटें संस्था ने दीपावली पर 251 दीयों से ॐ और जय हिंद लिखकर शहीदों को किया नमन



रांची एक्सप्रेस संवाददाता
रजरप्पा। सिर झुके उनकी शहादत में, जो शहीद हुए हमारी हिफाजत में के भावपूर्ण संदेश के साथ मुस्कुराहटें संस्था की ओर से दीपावली के अवसर पर रविवार की रात चितरपुर स्थित शिवालय मंदिर परिसर में देश के वीर शहीदों के नाम कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान 251 दीयों से ॐ एवं जय हिंद की आकर्षक आकृति बनाकर देश के वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम में मुख्य रूप से उपस्थित मुस्कुराहटें संस्था के अध्यक्ष विवेकानंद वर्मा ने कहा कि शहीदों का अद्वितीय त्याग और बलिदान प्रत्येक नागरिक के लिए सदैव स्मरणीय है। उनका जीवन और राष्ट्र के प्रति समर्पण हमें देशसेवा की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि संस्था प्रत्येक वर्ष इस गौरवशाली परंपरा को कायम रखते हुए देश के वीर नायकों को श्रद्धासुमन अर्पित करती आ रही है और भविष्य में भी यह सिलसिला जारी रहेगा, ताकि समाज में देशभक्ति की लौ हमेशा प्रज्वलित रहे। कार्यक्रम का संचालन संस्था के मीडिया प्रभारी राज कुमार ने किया। इस अवसर पर संस्था के कोषाध्यक्ष नवीन कुमार, कार्यकारी सदस्य शेखर कुमार दांगी, मंदिर प्रबंधन समिति के राकेश कुमार, कुंदन कुमार, राठो दांगी, प्रवीण कुमार, रेवती, शशि, चंदन सहित दर्जनों लोग उपस्थित थे।