हैदराबाद में बेंगाबाद के प्रवासी मजदूर की संदिग्ध मौत, फांसी के फंदे से लटका मिला शव
राँची एक्सप्रेस संवाददाता बेंगाबाद
हैदराबाद के कुक्कड़फल्ली में बेंगाबाद के एक प्रवासी मजदूर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान बेंगाबाद पंचायत के किशनीचक गांव निवासी शनिचर मंडल के पुत्र कुलदीप कुमार मंडल (23) के रूप में हुई है। उसका शव बुधवार को किराए के कमरे में फांसी के फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना स्थानीय पुलिस द्वारा फोन पर परिजनों को दिए जाने के बाद घर में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि गांव में शोक का माहौल है। मृतक के बड़े भाई संदीप मंडल ने बताया कि कुलदीप पिछले एक वर्ष से अधिक समय से हैदराबाद में रह रहा था। शुरुआती दौर में वह मजदूरी करता था और परिवार के भरण-पोषण में सहयोग देता था। बाद में वह कुक्कड़फल्ली में किराए के कमरे में रहकर फास्ट फूड की दुकान चलाने लगा था। मंगलवार की रात उसकी मां ने फोन किया, लेकिन कुलदीप ने फोन नहीं उठाया। बुधवार की सुबह दोबारा फोन करने पर स्थानीय पुलिस ने फोन उठाया और कुलदीप के फांसी लगाने की जानकारी दी। संदीप मंडल ने घटना को संदिग्ध बताते हुए आत्महत्या किए जाने की बात से इनकार किया है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि कुलदीप लगातार परिजनों से फोन पर बातचीत करता था और उसने कभी किसी परेशानी की जानकारी नहीं दी थी। वह दो भाइयों में छोटा और अविवाहित था। घटना की जानकारी मिलने के बाद हैदराबाद में रहने वाले बेंगाबाद के अन्य युवक अस्पताल पहुंच गए हैं। वहीं, परिजन भी बेंगाबाद से हैदराबाद के लिए रवाना हो चुके हैं। पोस्टमार्टम के बाद शव को बेंगाबाद लाया जाएगा, जिसके बाद अंतिम संस्कार किया जाएगा।
फोटो।






