BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

रामगढ़ गौशाला में 68वें गोपाष्टमी मेले का भव्य आयोजन


स्कूली बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन, गौशाला कर्मचारियों और समाजसेवियों को किया गया सम्मानित

रांची एक्सप्रेस संवाददाता

रामगढ़। श्री रामगढ़ गौशाला, विकास नगर में मंगलवार को 68वें गोपाष्टमी मेले का भव्य आयोजन किया गया। धार्मिक आस्था, सामाजिक समरसता और भारतीय संस्कृति के संगम वाले इस समारोह में शहर के गणमान्य नागरिकों, समाजसेवियों, उद्योगपतियों एवं गौसेवा से जुड़े लोगों की उल्लेखनीय भागीदारी रही। पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धा, उत्साह और उल्लास का माहौल देखने को मिला। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में समाजसेवी एवं उद्योगपति रामस्वरूप रूंगटा, विशिष्ट अतिथि सत्यनारायण श्रीनिवास चैरिटेबल ट्रस्ट के सचिव हनुमान प्रसाद गुप्ता एवं रामगढ़ चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष मंजीत साहनी शामिल हुए। आमंत्रित अतिथि के रूप में विमल बुधिया की उपस्थिति रही। समारोह की अध्यक्षता रामगढ़ गौशाला समिति के अध्यक्ष बजरंग लाल अग्रवाल ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों एवं गणमान्य लोगों ने भगवान श्रीकृष्ण के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान अतिथियों का पुष्पगुच्छ, माला एवं प्रतीक चिह्न देकर स्वागत किया गया।

गौमाता की सेवा और संरक्षण का किया आह्वान

मुख्य अतिथि रामस्वरूप रूंगटा ने गौमाता के धार्मिक एवं आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सनातन धर्म में गौमाता का स्थान अत्यंत पूजनीय है। गौमाता भारतीय संस्कृति, परंपरा और जीवनशैली का अभिन्न अंग हैं। उन्होंने कहा कि गौसेवा से बढ़कर कोई सेवा नहीं है। समाज के प्रत्येक व्यक्ति को अपनी सामर्थ्य के अनुसार गौमाता की सेवा, सुरक्षा और संरक्षण में योगदान देना चाहिए। उन्होंने गौशाला समिति के सेवा कार्यों की सराहना करते हुए गौवंश संरक्षण को सामूहिक जिम्मेदारी बताया।

गोपाष्टमी पर्व के महत्व पर डाला प्रकाश

समारोह की अध्यक्षता कर रहे गौशाला समिति के अध्यक्ष बजरंग लाल अग्रवाल ने गोपाष्टमी के धार्मिक, आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि यह पर्व भगवान श्रीकृष्ण की गौसेवा और गोपालन की परंपरा से जुड़ा है। गोपाष्टमी हमें गौमाता के प्रति श्रद्धा, सम्मान, सेवा एवं संरक्षण का संदेश देती है। उन्होंने समाज के सभी वर्गों से गौवंश के संरक्षण और गौशाला के सेवा कार्यों में सहयोग करने की अपील की। समिति के सचिव शिव कुमार अग्रवाल ने गौशाला की गतिविधियों और गौसेवा के महत्व पर चर्चा करते हुए कहा कि गौशाला का संचालन एवं गौवंश की सेवा सामूहिक सामाजिक दायित्व है। उन्होंने लोगों से गौशाला के विकास और सेवा कार्यों में यथासंभव सहयोग करने का आग्रह किया।

बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां

मेले का विशेष आकर्षण सांस्कृतिक कार्यक्रम रहा। इसमें श्री कृष्ण विद्या मंदिर एवं श्री राम प्रताप रानेलिया कृष्ण पब्लिक स्कूल के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बच्चों ने आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से भारतीय संस्कृति, परंपरा और संस्कारों की झलक पेश की। उनकी प्रतिभा और आत्मविश्वास से भरी प्रस्तुतियों पर दर्शकों ने तालियों के साथ उत्साहवर्धन किया।

कर्मचारियों और समाजसेवियों का सम्मान

कार्यक्रम के दौरान गौशाला में कार्यरत कर्मचारियों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता प्रकट करते हुए मुख्य एवं विशिष्ट अतिथियों ने उन्हें वस्त्र वितरित किए। वहीं वर्ष 2026 के लिए श्रीमती अनीता अग्रवाल, श्रीमती नेहा अग्रवाल, श्रीमती प्रियंका अग्रवाल, प्राचार्या श्रीमती गुरप्रीत कौर एवं प्राचार्या श्रीमती रीना मंडल को मुख्य अतिथि द्वारा सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने गौसेवा एवं गौसंरक्षण को सामाजिक चेतना से जोड़ने और इसके लिए सामूहिक प्रयास करने पर जोर दिया। 68वें गोपाष्टमी मेले के सफल आयोजन में मेला संयोजक महावीर प्रसाद अग्रवाल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उन्होंने मेले की तैयारियों, कार्यक्रमों के समन्वय, अतिथियों के स्वागत-सत्कार एवं आयोजन की व्यवस्थाओं में सक्रिय योगदान दिया। कार्यक्रम का मंच संचालन अधिवक्ता आनंद अग्रवाल एवं इन्द्र अग्रवाल ने किया।