दिवंगत सुमित श्रीवास्तव की पांचवीं पुण्यतिथि पर लगा निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर
चार चिकित्सकों ने मरीजों की जांच कर दी निःशुल्क दवा, जरूरतमंदों को मिला स्वास्थ्य लाभ
हरिहरगंज थाना के समीप एक्सिस बैंक के नीचे शुक्रवार को विनायक जतिन आरोग्यम रिसर्च इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस की ओर से एक दिवसीय निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में क्षेत्र के मरीजों ने पहुंचकर स्वास्थ्य जांच कराई और निःशुल्क दवाएं प्राप्त कीं। संस्थान के निदेशक जतिन श्रीवास्तव ने बताया कि उनके बड़े भाई दिवंगत सुमित श्रीवास्तव की पांचवीं पुण्यतिथि पर उनके अधूरे सपने को पूरा करने के उद्देश्य से इस शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बीपी, शुगर, हृदय रोग, दर्द एवं हड्डी से संबंधित समस्याओं सहित विभिन्न सामान्य बीमारियों की जांच की गई।
इस दौरान डॉ. जतिन श्रीवास्तव, डॉ. संजना श्रीवास्तव वर्मा, डॉ. रंजीत चंद्रा एवं डॉ. प्रिंस शक्ति वर्मा ने मरीजों की जांच कर निःशुल्क परामर्श और दवाएं दीं। मौके पर जेएलकेएम के प्रमंडलीय प्रवक्ता अमरजीत कुमार यादव, प्रखंड अध्यक्ष अविनाश कुमार सिंह, समाजसेवी सूर्यांशु सिंह एवं भाजपा ओबीसी मोर्चा के जिला मंत्री चंदन प्रजापति ने कहा कि निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर जरूरतमंद मरीजों के लिए वरदान साबित हो रहा है। पैसे लेकर इलाज करना सामान्य बात है, लेकिन निःशुल्क चिकित्सा सेवा देना मानवता की मिसाल है। इस अवसर पर शिक्षिका अमृता सिंह, एडवोकेट विजय श्रीवास्तव, विक्की कुमार, विनीत कुशवाहा, सौरव सिंह, संजय पटेल एवं नीरज कुमार सहित कई लोग मौजूद थे।


.jpg)


