BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

टेंडर प्रक्रिया में मनमानी का आरोप, सांसद प्रतिनिधि तथा वार्ड पार्षदों ने जताया विरोध


हरिहरगंज नगर पंचायत में विकास योजनाओं के क्रियान्वयन के साथ ही टेंडर प्रक्रिया को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। मंगलवार को वार्ड संख्या 5 स्थित पुरानी बस स्टैंड के समीप करीब 24 लाख रुपये की लागत से बनने वाले नौ सीटर सार्वजनिक शौचालय के शिलान्यास के तुरंत बाद सांसद प्रतिनिधि राजीव रंजन समेत कई वार्ड पार्षदों और स्थानीय लोगों ने टेंडर प्रक्रिया में कथित मनमानी का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किया।
विरोध कर रहे लोगों का आरोप है कि नगर प्रशासन स्थानीय संवेदकों के कागजातों में बार-बार त्रुटियां निकालकर उन्हें टेंडर प्रक्रिया से बाहर कर रहा है, जबकि बाहरी संवेदकों को कार्य आवंटित किया जा रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि स्थानीय संवेदकों को काम का अवसर देने के बजाय उन्हें प्रक्रिया से बाहर करना कहां तक उचित है। लोगों ने संबंधित संवेदक की अनुपस्थिति में शिलान्यास कार्यक्रम आयोजित किए जाने पर भी नाराजगी जताई।इस दौरान सांसद प्रतिनिधि और वार्ड पार्षदों ने नगर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए टेंडर प्रक्रिया में पारदर्शिता बरतने तथा स्थानीय संवेदकों के साथ भेदभाव बंद करने की मांग की। उन्होंने पलामू उपायुक्त से मामले में हस्तक्षेप कर पूरे प्रकरण की जांच कराने और कार्यपालक पदाधिकारी की कथित मनमानी पर रोक लगाने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि टेंडर प्रक्रिया में पारदर्शिता नहीं बरती गई तो नगर पंचायत प्रशासन के खिलाफ आंदोलन किया जाएगा।
मौके पर वार्ड पार्षद त्रिपुरारी राम, बाबू भाई, अवधेश कुमार मेहता, अनुज कुमार, पवन कुमार, राजेश शौंडिक, शंभू सिंह, जेएलकेएम के मंडलीय प्रवक्ता सह वार्ड पार्षद अमरजीत कुमार यादव, रेशमी ठाकुर, जेएलकेएम के प्रखंड अध्यक्ष अविनाश कुमार सिंह, पूर्व प्रमुख अखिलेश मेहता, गेंदालाल यादव, संजय जायसवाल, संतोष यादव, दिनेश स्वर्णकार, सनी सिंह, लखन सिंह, विजय प्रजापति, रविंद्र पासवान और जयंत सिंह सहित कई ग्रामीण उपस्थित थे।