झारखंड खो-खो प्रीमियम लीग के चयन ट्रायल में दमखम दिखाएंगी जामताड़ा की सात बालिका खिलाड़ी।
रिपोर्ट: #उदय किशोर सिंह,
जामताड़ा। झारखंड राज्य खो-खो संघ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होने वाली झारखंड खो-खो प्रीमियम लीग सीजन-1 के बालिका वर्ग के ओपन सिलेक्शन ट्रायल के लिए जामताड़ा की सात बालिका खिलाड़ी रांची के लिए रवाना हुईं। खिलाड़ी कोच सुभाष सोरेन के नेतृत्व में शनिवार रात जामताड़ा स्टेशन से इंटरसिटी एक्सप्रेस से रांची के लिए रवाना हुईं।
बालिका वर्ग का ओपन सिलेक्शन ट्रायल 27 सितंबर 2026 को रांची स्थित बिरसा मुंडा फुटबॉल मैदान के खो-खो ग्राउंड में आयोजित किया जाएगा। झारखंड खो-खो प्रीमियम लीग सीजन-1 का आयोजन आगामी 22 से 24 नवंबर 2026 तक किया जाना है। यह जानकारी जामताड़ा जिला खो-खो संघ के सचिव नंदन सिंह ने दी।
खिलाड़ियों को रवाना करते समय जामताड़ा जिला खो-खो संघ के अध्यक्ष डॉ. दुर्गा दास भंडारी, वरीय उपाध्यक्ष डॉ. चंचल भंडारी एवं सचिव नंदन सिंह ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं। डॉ. चंचल भंडारी ने कहा कि खो-खो जैसे खेल से खिलाड़ियों के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को लाभ मिलता है तथा उनमें अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना का विकास होता है।
संघ के उपाध्यक्ष भूपेश गुप्ता एवं कमलेश मंडल तथा समाजसेवी संजीत सिंह ने कहा कि जामताड़ा जिले के खिलाड़ी लगातार राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं। खिलाड़ियों का इस स्तर के चयन ट्रायल में पहुंचना जिले के लिए गर्व की बात है। उन्होंने उम्मीद जताई कि जामताड़ा की बालिका खिलाड़ी अपने प्रदर्शन से जिले का नाम रोशन करेंगी।
वहीं, खिलाड़ियों के अभिभावकों ने भी उन्हें शुभकामनाएं देते हुए चयन ट्रायल में शानदार प्रदर्शन की उम्मीद जताई। मौके पर संघ के कोषाध्यक्ष गौरव जोशी, अनीश रंजन, नंदू हेंब्रम, सुभाष सोरेन, राम मुर्मू, लक्ष्मण मुर्मू, जीत, विशाल, प्रदीप सहित अन्य लोग मौजूद थे।






