स्थापना दिवस पर झारखंड आंदोलनकारियों को सम्मानित करने की मांग, पुराना कोर्ट परिसर में हुई बैठक।
उदय किशोर सिंह
जामताड़ा। जामताड़ा के पुराना कोर्ट परिसर में शुक्रवार को झारखंड अलग राज्य आंदोलनकारी जिला समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता आंदोलनकारी रोबिन मिर्धा ने की। इसमें झारखंड राज्य के स्थापना दिवस, आंदोलनकारियों के सम्मान और उनके अधिकारों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में आंदोलनकारियों ने राज्यवासियों एवं छठ व्रतियों को महापर्व छठ की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए जोहार किया। उन्होंने कामना की कि झारखंड सरकार के कुशल नेतृत्व में राज्य में सुख-समृद्धि और खुशहाली बनी रहे।
बैठक के दौरान आंदोलनकारियों ने कहा कि झारखंड अलग राज्य के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले आंदोलनकारी आज भी उचित सम्मान और पहचान से वंचित हैं। उन्होंने राज्य सरकार से मांग की कि आगामी 15 नवंबर 2026 को झारखंड स्थापना दिवस के अवसर पर आंदोलनकारियों के सम्मान और अधिकारों को लेकर विशेष घोषणा की जाए।
आंदोलनकारियों का कहना था कि अलग राज्य के लिए संघर्ष करने वाले लोगों को उचित सम्मान और पहचान मिलनी चाहिए। स्थापना दिवस पर सरकार की ओर से सम्मान दिए जाने से आंदोलनकारियों का मनोबल बढ़ेगा। साथ ही युवा पीढ़ी को झारखंड आंदोलन के इतिहास और संघर्ष से प्रेरणा मिलेगी।
उन्होंने कहा कि झारखंड राज्य का निर्माण लंबे संघर्ष और बलिदान के बाद हुआ है। ऐसे में राज्य निर्माण में योगदान देने वाले आंदोलनकारियों के अस्तित्व, अधिकार और सम्मान को सुरक्षित रखना सरकार की जिम्मेदारी है।
मौके पर अनिल सोरेन, जामाल अंसारी, जितेन हांसदा, जावेद कलम, हातिम अंसारी एवं हेमंत मुर्मू सहित अन्य आंदोलनकारी उपस्थित थे।


.jpg)


