गांधी मैदान में आज सजेगी डांडिया की महफिल, भक्ति और उत्साह के रंग में रंगेगा जामताड़ा,
उदय किशोर सिंह,
जामताड़ा। शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर जामताड़ा में उत्सव और उमंग का माहौल बनने जा रहा है। शहर के गांधी मैदान में रविवार को आयोजित होने वाले डांडिया महोत्सव की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। डांडिया की थाप, रंग-बिरंगी पारंपरिक वेशभूषा और मां दुर्गा की आराधना के बीच शहरवासी उत्सव के रंग में सराबोर होने को तैयार हैं। महोत्सव को लेकर महिलाओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए शनिवार को महिलाओं ने गांधी मैदान में फाइनल रिहर्सल किया। इस दौरान डांडिया की आकर्षक प्रस्तुतियों का अभ्यास किया गया। महिलाओं ने पूरे उत्साह और तालमेल के साथ नृत्य की बारीकियों को दोहराया, ताकि मुख्य आयोजन के दौरान शानदार प्रस्तुतियां दी जा सकें।
डांडिया महोत्सव की अध्यक्ष आशा गुप्ता, संयोजक तरुण कुमार गुप्ता और कार्यक्रम प्रभारी डॉ. चंचल भंडारी की मौजूदगी में आयोजन की तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। आयोजकों के अनुसार, इस बार महोत्सव को खास और यादगार बनाने के लिए विशेष तैयारियां की गई हैं।
बिहार और सूरत के कलाकार बिखेरेंगे जलवा
महोत्सव का प्रमुख आकर्षण बिहार की लोकप्रिय कलाकार शिल्पी राघवानी और सूरत से आने वाली डांडिया टीम होगी। इनकी प्रस्तुतियां कार्यक्रम में चार चांद लगाने की उम्मीद है। डांडिया और गरबा की धुनों पर लोग उत्सव का आनंद उठा सकेंगे।
नवरात्र की खुशियां साझा करने का मंच
कार्यक्रम संयोजक तरुण कुमार गुप्ता ने जामताड़ा के लोगों से रविवार को गांधी मैदान पहुंचकर महोत्सव में शामिल होने की अपील की। उन्होंने कहा कि इस आयोजन को सफल बनाने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
वहीं, कार्यक्रम प्रभारी डॉ. चंचल भंडारी ने कहा कि डांडिया महोत्सव का उद्देश्य नवरात्र के उल्लास को सामूहिक रूप से मनाना और लोगों को भक्ति, संस्कृति तथा परंपरा से जोड़ना है। ऐसे आयोजन सामाजिक एकता और आपसी सौहार्द को भी मजबूत करते हैं।
अब शहरवासियों को रविवार की शाम का इंतजार है, जब गांधी मैदान में डांडिया की थाप के साथ भक्ति, संगीत और उल्लास का अनूठा संगम देखने को मिलेगा।






