सिंहभूम चैंबर ने धालभूमगढ़ एयरपोर्ट के लिए वन विभाग द्वारा उठाए गए कदमों की सराहना की, अधिकारियों को दी बधाई
*प्रेस विज्ञप्ति*
जमशेदपुर। सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री का एक प्रतिनिधिमंडल आज चैंबर अध्यक्ष श्री मानव केडिया के नेतृत्व में वन प्रमंडल कार्यालय पहुंचा, जहां प्रतिनिधिमंडल ने श्री सबा आलम अंसारी से मुलाकात की।
इस अवसर पर चैंबर की ओर से धालभूमगढ़ एयरपोर्ट परियोजना को आगे बढ़ाने की दिशा में वन विभाग द्वारा उठाए गए सकारात्मक कदमों के लिए विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया गया। अध्यक्ष श्री मानव केडिया ने कहा कि धालभूमगढ़ एयरपोर्ट जमशेदपुर एवं पूरे कोल्हान क्षेत्र के विकास, औद्योगिक विस्तार, व्यापारिक गतिविधियों तथा रोजगार के नए अवसरों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण परियोजना है। वन विभाग द्वारा इस दिशा में की गई पहल सराहनीय है और इसके लिए विभाग बधाई का पात्र है।
सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री ने जमशेदपुर के माननीय सांसद श्री विद्युत वरण महतो जी के प्रति भी आभार एवं धन्यवाद प्रकट किया। चैंबर ने कहा कि धालभूमगढ़ एयरपोर्ट परियोजना को आगे बढ़ाने में सांसद महोदय द्वारा लगातार किए जा रहे प्रयास सराहनीय हैं। उनके सक्रिय प्रयासों एवं निरंतर पहल से इस महत्वाकांक्षी परियोजना को गति मिल रही है। चैंबर को विश्वास है कि उनके प्रयासों से धालभूमगढ़ एयरपोर्ट का सपना जल्द साकार होगा और क्षेत्र के विकास को एक नई दिशा मिलेगी।
प्रतिनिधिमंडल ने श्री सबा आलम अंसारी को क्षेत्रीय वन संरक्षक (Regional Forest Conservator), रांची के पद पर प्रोन्नति मिलने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
इसके साथ ही श्री अभिषेक कुमार, IFS, को क्षेत्रीय वन संरक्षक, जमशेदपुर नियुक्त किए जाने तथा वन संरक्षक, चाईबासा का अतिरिक्त प्रभार सौंपे जाने पर उनसे मुलाकात कर चैंबर की ओर से बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं।
श्री मानव केडिया ने आशा व्यक्त की कि वन विभाग द्वारा उठाए गए कदमों के बाद अब पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय, भारत सरकार, नई दिल्ली से भी शीघ्र आवश्यक स्वीकृति प्राप्त होगी और धालभूमगढ़ एयरपोर्ट परियोजना धरातल पर उतरने की दिशा में आगे बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि चैंबर को पूर्ण विश्वास है कि क्षेत्रवासियों का वर्षों पुराना एयरपोर्ट का सपना जल्द साकार होगा तथा जमशेदपुर में हवाई सेवा शुरू होने का मार्ग प्रशस्त होगा।
आज के प्रतिनिधिमंडल में चैंबर के महासचिव श्री पुनीत कांवटिया, उपाध्यक्ष श्री राजीव अग्रवाल, श्री हर्ष बांकरेवाल, सचिव श्री बिनोद शर्मा एवं श्री अंशुल रिंगसिया उपस्थित थे।
सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री
जमशेदपुर


.jpg)


