50 हजार सिक्योरिटी मनी और बढ़े किराये पर दुकानदारों का विरोध, नगर निगम को कोर्ट जाने की चेतावनी
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
गिरिडीह: गिरिडीह नगर निगम दुकानदार संघ की ओर से रविवार को गिरिडीह टैक्सी स्टैंड स्थित मुसाफिरखाना में बैठक आयोजित की गई। बैठक में संघ के सचिव हरमिंदर सिंह बग्गा मुख्य रूप से मौजूद रहे। इस दौरान दुकानदारों ने नगर निगम द्वारा जारी नोटिस में सिक्योरिटी मनी और अप्रत्याशित रूप से बढ़ाए गए भाड़े की मांग पर नाराजगी जताते हुए अपने अपने विचार रखे। दुकानदार संघ ने कहा कि नगर निगम की ओर से दुकानदारों को जारी नोटिस में 50 हजार रुपये सिक्योरिटी मनी जमा करने तथा बढ़े हुए किराये की जानकारी दी गई है, जिसका संघ विरोध करता है। संघ के अनुसार, वर्ष 2023 में भी इसी प्रकार किराये में अप्रत्याशित वृद्धि की गई थी। उस समय दुकानदार संघ ने तत्कालीन नगर आयुक्त से मुलाकात कर पूरे मामले से अवगत कराया था। संघ के अनुसार, नगर आयुक्त के हस्तक्षेप के बाद किराया वृद्धि और सिक्योरिटी मनी के मुद्दे पर विचार किया गया था। उस समय स्पष्ट निर्णय लिया गया था कि दुकानदारों से किसी प्रकार की सिक्योरिटी मनी नहीं ली जाएगी। साथ ही किराये में 100 से 150 रुपये तक की वृद्धि कर नई दर तय की गई थी। इसके अलावा लिखित रूप से तीन वर्षों में 10 प्रतिशत किराया वृद्धि का प्रावधान तय किया गया था।
दुकानदार संघ का कहना है कि पूर्व में लिए गए निर्णय के बावजूद वर्ष 2026 में नगर निगम द्वारा फिर से नोटिस जारी कर 50 हजार रुपये सिक्योरिटी मनी और अप्रत्याशित भाड़े की मांग की जा रही है। बैठक में दुकानदारों ने इस निर्णय का विरोध करते हुए कहा कि पूर्व में तय व्यवस्था के विपरीत नई मांग स्वीकार नहीं की जाएगी।
संघ ने निर्णय लिया कि पूरे मामले से नगर आयुक्त को लिखित एवं मौखिक रूप से अवगत कराया जाएगा और पूर्व में तय नियमों के अनुसार समस्या का समाधान करने की मांग की जाएगी। संघ ने चेतावनी दी कि यदि मामले पर शीघ्र विचार नहीं किया गया तो नगर निगम के खिलाफ न्यायालय का दरवाजा खटखटाया जाएगा। इसकी पूरी जिम्मेदारी नगर निगम की होगी। बैठक में बसंत कुमार, राजेश कुमार, चंदन केसरी, गणेश कुमार, धनंजय सिंह समेत कई दुकानदार मौजूद थे।






