धनवार बैंक डकैती कांड में बेंगाबाद में पुलिस की छापेमारी जारी, फुरसोडीह में देर रात खाक छानी टीम
राँची एक्सप्रेस संवाददाता बेंगाबाद
धनवार बैंक डकैती मामले में बेंगाबाद थाना क्षेत्र में पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। शुक्रवार की रात पुलिस टीम ने थाना क्षेत्र के फुरसोडीह गांव में छापेमारी की। हालांकि कार्रवाई के दौरान पुलिस को सफलता नहीं मिली। सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार बैंक डकैती कांड में जिस स्कॉर्पियो वाहन का प्रयोग अपराधियों ने भागने में किया था, पुलिस टीम उसी वाहन मालिक की तलाश में छापेमारी कर रही थी। इसके पूर्व गुरुवार की रात भी पुलिस टीम ने अपराधियों की तलाश में बेंगाबाद के दो स्थानों पर छापेमारी की थी।
जानकारी के अनुसार डकैती कांड का साजिशकर्ता बेंगाबाद थाना क्षेत्र का ही रहने वाला है। उसने गिरोह के अन्य सदस्यों के साथ मिलकर इस भीषण डकैती कांड को अंजाम दिया था। बैंक डकैती के बाद से ही पुलिस की अलग-अलग टीम झारखंड के विभिन्न जिलों के साथ-साथ बिहार के अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर रही है। इसी कड़ी में बेंगाबाद में भी पुलिस की छापेमारी चल रही है। डकैती कांड के मुख्य सरगना को धनबाद से गिरफ्तार किए जाने की बात भी सामने आई है, मगर इसकी आधिकारिक रूप से पुष्टि नहीं हुई है। जबकि डकैती कांड में शामिल अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी भी हो चुकी है। पुलिस टीम शेष बचे अपराधियों और लुटे गए जेवरात, नकदी और स्कॉर्पियो वाहन की तलाश में खाक छान रही है।


.jpg)


