जमुआ चौक पर जलजमाव से राहत की पहल, जेसीबी से कराई पानी की निकासी
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
गिरिडीह : जमुआ चौक स्थित थाना रोड पर लगातार जलजमाव की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए जनप्रतिनिधि ने रविवार को स्वयं मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। आम लोगों को तत्काल राहत दिलाने के लिए मौके पर ही जेसीबी मंगवाकर जलजमाव वाले हिस्से से पानी की निकासी कराई गई। इस दौरान उन्होंने पथ निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता से दूरभाष पर बातचीत कर सड़क पर बने गड्ढे को शीघ्र भरवाने तथा आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। जलजमाव के कारण राहगीरों और स्थानीय लोगों को हो रही परेशानी को देखते हुए तत्काल राहत की व्यवस्था की गई। उन्होंने बताया कि संबंधित सड़क का टेंडर पहले ही हो चुका है। ऐसे में आने वाले समय में सड़क निर्माण का स्थायी समाधान भी सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आम जनता को लंबे समय तक इस समस्या का सामना नहीं करना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान उनकी प्राथमिकता है और क्षेत्र की प्रत्येक समस्या के स्थायी निराकरण के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।






