मन की बात में सर्जिकल स्ट्राइक से लेकर अशोक सिंघल के योगदान तक हुई चर्चा
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
गिरिडीह: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम के 138वें संस्करण को रविवार को बूथ संख्या 243 के अध्यक्ष टिंकू राम के साथ गिरिडीह के निवर्तमान महापौर सुनील पासवान ने अपने आवासीय कार्यालय में सुना। कार्यक्रम के बाद सुनील पासवान ने कहा कि प्रधानमंत्री ने देश की सुरक्षा, जनगणना की शुरुआत और राम जन्मभूमि आंदोलन से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री ने कार्यक्रम में सर्जिकल स्ट्राइक का उल्लेख करते हुए कहा कि एक दशक पूर्व भारतीय जवानों ने पाकिस्तान में घुसकर सर्जिकल स्ट्राइक की थी। पासवान के अनुसार, प्रधानमंत्री ने इससे पहले देश में होने वाली आतंकी घटनाओं का भी जिक्र किया और सर्जिकल स्ट्राइक के बाद आतंकवादी घटनाओं में कमी आने की बात कही। सुनील पासवान ने बताया कि ‘मन की बात’ में उत्तराखंड के माना गांव का भी उल्लेख किया गया, जिसे भारत का पहला गांव कहा जाता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने वहीं से देश की जनगणना की शुरुआत किए जाने की बात कही। कार्यक्रम में विश्व हिंदू परिषद के पूर्व अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष स्वर्गीय अशोक सिंघल के 100वें जन्मदिवस का भी स्मरण किया गया। पासवान ने कहा कि अशोक सिंघल ने राम जन्मभूमि पर भगवान श्रीराम के भव्य मंदिर निर्माण के लिए लंबे समय तक संघर्ष किया। उन्होंने कहा कि अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण उनके संघर्ष से जुड़े प्रमुख प्रसंगों में से एक है। इस अवसर पर अशोक राम, वासुदेव राम, दिलीप ठाकुर, टिंकू राम, जितेंद्र राम, प्रेम सिंह, संजय कुमार, सुनील रजक, शुभम पासवान समेत कई लोग उपस्थित थे।






