logo

Advertisement
Advertisement

मिश्रित खेती से महिलाओं की आय बढ़ाने पर जोर, उत्थान एफपीसी की वार्षिक आमसभा में बनी कार्ययोजना


राँची एक्सप्रेस संवाददाता बेंगाबाद 

महिलाओं को कृषि से जोड़कर उनकी आय बढ़ाने और आजीविका के नए साधन विकसित करने पर जोर देते हुए बुधवार को छोटकी खरगडीहा में उत्थान आजीविका महिला फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड की पांचवीं वार्षिक आमसभा आयोजित की गई। आमसभा में कंपनी से जुड़ी महिला किसानों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। इस दौरान कंपनी की गतिविधियों, उपलब्धियों, वित्तीय स्थिति तथा आगामी कार्ययोजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
मुख्य अतिथि निवर्तमान मुखिया सह पूर्व 20 सूत्री अध्यक्ष महेंद्र प्रसाद वर्मा ने कहा कि वर्तमान समय में मिश्रित खेती किसानों के लिए आय बढ़ाने का बेहतर माध्यम साबित हो सकती है। मत्स्य पालन के साथ बत्तख एवं मुर्गी पालन को जोड़कर किसान अपनी आय के अतिरिक्त स्रोत विकसित कर सकते हैं। उन्होंने उत्थान संस्था से महिला किसानों को मिश्रित खेती के लिए प्रशिक्षण देने के साथ आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने की बात कही। साथ ही किसानों को समय पर गुणवत्तापूर्ण बीज उपलब्ध कराने पर जोर दिया, ताकि वे कृषि कार्यों का बेहतर लाभ उठा सकें। आमसभा में महिला किसानों को संगठित कर कृषि एवं आजीविका से जुड़े कार्यों को और गति देने, कृषि उत्पादों के लिए बेहतर बाजार उपलब्ध कराने तथा महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के उपायों पर भी विचार-विमर्श किया गया।
कंपनी की लेखापाल रितिका कुमारी ने वित्तीय वर्ष 2025-26 की आय-व्यय का ब्यौरा प्रस्तुत करते हुए बताया कि इस अवधि में कंपनी को करीब चार लाख रुपये का मुनाफा हुआ है। उन्होंने कंपनी की प्रगति और महिला सदस्यों की भागीदारी को महत्वपूर्ण बताया।
मौके पर पूर्व पंचायत समिति सदस्य, कंपनी के पदाधिकारी एवं बीओडी सदस्य सहित प्रमोद चौधरी, विश्वनाथ रजवार, एहसान, राजेश कुमार महतो, रमेश यादव, अनुराधा वर्मा, प्रतिमा स्वराज, रीता देवी, आराधना, सुनीता देवी, सरिता देवी, निशा देवी, आशा देवी समेत बड़ी संख्या में महिला किसान मौजूद थीं।