logo

Advertisement
Advertisement

बगोईया नदी का पुल जर्जर, चार स्पेन क्षतिग्रस्त; भारी वाहनों से हादसे का खतरा


राँची एक्सप्रेस संवाददाता बेंगाबाद,ग्राउंड रिपोर्ट

बेंगाबाद प्रखंड के तेलोनारी पंचायत के समीप बगोईया नदी पर बना पुल इन दिनों हादसे को आमंत्रण दे रहा है। पुल के चार स्पेन क्षतिग्रस्त होकर जर्जर हो चुके हैं। कई जगहों पर पुल की दीवारें टूटकर गिरने लगी हैं, जबकि नींव धंसने से इसका एक हिस्सा कमजोर हो गया है। पुल की मौजूदा स्थिति को देखते हुए ग्रामीणों में कभी भी बड़े हादसे की आशंका बनी हुई है। दुधीटांड़ टोल से तेलोनारी, तराटांड़, ओझाडीह और छोटकी खरगडीहा समेत कई पंचायतों को जोड़ने वाले इस प्रमुख मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में छोटे-बड़े वाहन और मालवाहक वाहन गुजरते हैं। ग्रामीणों के अनुसार जर्जर पुल से होकर हाइवा समेत भारी वाहनों का भी लगातार परिचालन हो रहा है। इससे पुल पर अतिरिक्त दबाव पड़ रहा है और खतरा बढ़ता जा रहा है। बताया जाता है कि पूर्व विधायक सालखन सोरेन की अनुशंसा पर निर्मित इस पुल को दिशोम गुरु शिबू सोरेन ने क्षेत्रवासियों को सौगात के रूप में दिया था। बेंगाबाद-गिरिडीह एनएच पथ के नवासारी टोल प्लाजा के समीप से तेलोनारी होते हुए यह सड़क ओझाडीह और छोटकी खरगडीहा मार्ग को जोड़ती है। इस मार्ग से दर्जनाधिक गांवों के लोगों का आवागमन होता है। ग्रामीणों का कहना है कि पुल की स्थिति इतनी खराब हो गई है कि उस पर से गुजरते समय हर समय अनहोनी की आशंका बनी रहती है। यदि समय रहते मरम्मत नहीं कराई गई और पुल धराशायी हुआ तो दर्जनाधिक गांवों का प्रखंड मुख्यालय से संपर्क प्रभावित हो सकता है। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग और प्रशासन से पुल का तत्काल निरीक्षण कराने, भारी वाहनों के परिचालन पर रोक लगाने तथा क्षतिग्रस्त स्पेन की अविलंब मरम्मत कराने की मांग की है।