पंचायती के दौरान मारपीट का आरोप, दो घायलों को बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर।
जामताड़ा। नारायणपुर थाना क्षेत्र के दक्षिणीडीह गांव में रविवार दोपहर जमीन खरीदने को लेकर चल रही पंचायती के दौरान दो पक्षों के बीच मारपीट हो गई। घटना में एक पक्ष के तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना दोपहर करीब 12:30 बजे की बताई जा रही है। घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) नारायणपुर में भर्ती कराया गया।
घटना के संबंध में घायलों के पिता दक्षिणीडीह निवासी अब्दुल खुदूस अंसारी ने बताया कि उन्होंने गांव के ही भरत तूरी से जमीन खरीदी थी। इसी जमीन को दूसरे पक्ष के लोग भी खरीदना चाहते थे। इसी विवाद को लेकर रविवार को गांव में पंचायती चल रही थी। आरोप है कि इसी दौरान दूसरे पक्ष के लोग अचानक मारपीट पर उतर आए। मारपीट में अब्दुल खुदूस अंसारी के पुत्र मोहम्मद तैय्यब (41), मोहम्मद तालिब (39) और मोहम्मद मुख्तार (37) घायल हो गए।
घटना की सूचना नारायणपुर थाना को देने के बाद परिजनों ने तीनों घायलों को सीएचसी नारायणपुर पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल मोहम्मद तैय्यब और मोहम्मद मुख्तार को बेहतर इलाज के लिए एसएनसीएच धनबाद रेफर कर दिया, जबकि मोहम्मद तालिब का इलाज नारायणपुर में किया गया।
समाचार प्रेषण तक दूसरे पक्ष से घायल कोई भी व्यक्ति सीएचसी नारायणपुर इलाज कराने नहीं पहुंचा था। मामले को लेकर पुलिस को सूचना दे दी गई है।







