BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

बोदमा केबिन-जामताड़ा के बीच रेलवे ट्रैक पर मिला 43 वर्षीय व्यक्ति का शव,


तेलाईपाड़ा निवासी मोहित किस्कू की मौत, हादसे की जांच में जुटी पुलिस व आरपीएफ।
उदय किशोर सिंह,
जामताड़ा। बोदमा केबिन और जामताड़ा के बीच डाउन मेन लाइन पर रविवार तड़के एक व्यक्ति की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। मृतक की पहचान तेलईपाड़ा निवासी मोहित किस्कू (43), पिता स्व. सुरेंद्र किस्कू के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। परिजनों को जानकारी मिलने के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
जानकारी के अनुसार, रेलवे पोल संख्या 243/2 के समीप बोदमा केबिन से जामताड़ा की ओर करीब 200 मीटर की दूरी पर रेल पटरी के पास मोहित किस्कू का शव पड़ा मिला। प्रारंभिक जानकारी में आशंका जताई जा रही है कि किसी अज्ञात ट्रेन की चपेट में आने से उनकी मौत हुई। हालांकि, घटना किस ट्रेन से और किन परिस्थितियों में हुई, इसकी आधिकारिक पुष्टि फिलहाल नहीं हो सकी है।
घटना की सूचना मिलने पर मिहिजाम थाना के एएसआई जहांगीर अंसारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। वहीं चित्तरंजन आरपीएफ की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जानकारी ली। पुलिस और आरपीएफ कर्मियों ने शव को रेलवे ट्रैक से हटाकर कब्जे में लिया।
इसके बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए जामताड़ा भेज दिया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे की वास्तविक वजह का पता लगाने के लिए आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि मोहित किस परिस्थिति में रेलवे लाइन के पास पहुंचे थे।
पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल हादसे को लेकर पुलिस और आरपीएफ की जांच जारी है।