बेनागड़िया में राजेश मंडल का मिट्टी का मकान भरभराकर गिरा, दूसरे के घर में रहने को मजबूर हुआ परिवार।
जामताड़ा से उदय किशोर सिंह की रिपोर्ट।
जामताड़ा जिला में लगातार तीन दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश के बीच नाला प्रखंड़ के बेनागड़िया गांव में एक गरीब परिवार का मिट्टी का मकान अचानक भरभराकर ढह गया। हादसे के वक्त घर में परिवार के सदस्य और बच्चे मौजूद थे। संयोगवश मकान गिरने से कोई हताहत नहीं हुआ, लेकिन परिवार का सिर से छत का सहारा छिन गया। मकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त होने के बाद राजेश मंडल का परिवार फिलहाल दूसरे के घर में शरण लेने को मजबूर है।
घटना के बाद गांव में अबुआ आवास और प्रधानमंत्री आवास योजना के क्रियान्वयन को लेकर सवाल उठने लगे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि सरकार गरीब और जरूरतमंद परिवारों को पक्का मकान उपलब्ध कराने के लिए विभिन्न आवास योजनाएं चला रही है। इसके बावजूद यदि जर्जर मिट्टी के मकान में रहने वाले परिवार को अब तक आवास योजना का लाभ नहीं मिला, तो पंचायत स्तर पर जरूरतमंदों के चयन और सर्वे की प्रक्रिया पर सवाल उठना स्वाभाविक है।
ग्रामीणों ने पंचायत प्रतिनिधियों और प्रखंड प्रशासन से मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए क्षतिग्रस्त मकान का जायजा लेने, पीड़ित परिवार को तत्काल राहत उपलब्ध कराने तथा पात्रता के आधार पर आवास योजना का लाभ दिलाने की मांग की है।
ग्रामीणों ने यह भी मांग की है कि पंचायत स्तर पर आवास योजना के लिए किए गए सर्वे और लाभुकों के चयन की जांच की जाए, ताकि वास्तविक जरूरतमंद परिवार सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहें।







