सारवां में दुर्गा पूजा को लेकर बैठक आयोजित,भव्य और शांतिपूर्ण आयोजन पर बनी सहमति
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
देवघर : सार्वजनिक वैष्णवी दुर्गा पूजा समिति, सारवां की एक महत्वपूर्ण बैठक रविवार, 27 सितंबर को दुर्गा मंदिर परिसर में आयोजित की गई।
बैठक की अध्यक्षता समिति के उपाध्यक्ष संजय राय ने की। बैठक में आगामी दुर्गा पूजा महोत्सव-2026 के सफल, शांतिपूर्ण और भव्य आयोजन को लेकर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में सर्वसम्मति से 06 प्रस्ताव पारित किए गए। पहला प्रस्ताव था कि प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी दुर्गा पूजा का आयोजन पूरे श्रद्धा, भक्तिभाव और उत्साह के साथ किया जाएगा तथा सभी आवश्यक तैयारियां निर्धारित समय पर पूरी की जाएंगी।
दूसरे प्रस्ताव के तहत तय किया गया कि पूजा पंडाल, डेकोरेशन और साउंड व्यवस्था का कार्य राज साउंड, कुशमाहा द्वारा किया जाएगा।
तीसरे प्रस्ताव में मेला परिसर की व्यवस्था को लेकर निर्णय लिया गया। इसके तहत मेला परिसर में आने-जाने वाले सभी मार्गों की साफ-सफाई और आवश्यक मरम्मत कराई जाएगी। प्रतिमा विसर्जन के लिए निर्धारित मार्ग की भी साफ-सफाई की जाएगी तथा मेला स्थल में मौजूद गड्ढों को अच्छे मोरम से भरकर समतल कराया जाएगा।
चौथे प्रस्ताव में नवपत्रिका स्नान के लिए दासडीह नदी घाट जाने वाले मार्ग की साफ-सफाई समय से पूर्व सुनिश्चित करने का निर्णय लिया गया।
पांचवें प्रस्ताव के तहत ग्रामीणों से चंदा संग्रह के लिए रसीद वितरण और संग्रह कार्य छोटू, वीरू और अन्य सहयोगी सदस्यों द्वारा किया जाएगा।
छठे प्रस्ताव में मंदिर के रंग-रोगन और पोताई का कार्य संजय रवानी द्वारा कराए जाने तथा स्थल की साफ-सफाई और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी महेंद्र मंडल को सौंपने का निर्णय लिया गया।
बैठक में पंडित पप्पू झा, उपाध्यक्ष संजय राय, सचिव नरेश वर्मा, कोषाध्यक्ष नवीन पोद्दार, पंडित पप्पू झा, दैनिक पुजारी अजय झा, कुंदन लश्कर, रवि पत्रलेख, सूरज मंडल, अनूप झा, छोटू सिंह, आशुतोष झा, दिवाकर वर्मा, नंदकिशोर वर्मा, विकास राउत, आयुष राणा, ओम पोद्दार, उमेश वर्णवाल और कन्हैया वर्मा सहित सभी सदस्यों ने आपसी सहयोग से महोत्सव को श्रद्धापूर्ण और व्यवस्थित रूप से सफल बनाने का संकल्प लिया।






