डीएसपी ने किया मेहरमा थाना का औचक निरीक्षण, लंबित कांडों की समीक्षा
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
गोड्डा : महागामा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी वरुण रजक ने रविवार को मेहरमा थाना का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाना परिसर, अभिलेखों और पुलिस कार्यप्रणाली का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान एसडीपीओ ने थाना में दर्ज लंबित और निष्पादित होने वाले कांडों की समीक्षा की। उन्होंने पुलिस पदाधिकारियों से विभिन्न मामलों की प्रगति की जानकारी ली और लंबित कांडों के त्वरित निष्पादन के निर्देश दिए। अनुसंधान में तेजी लाने और निष्पक्ष जांच पर विशेष जोर दिया गया।
एसडीपीओ ने कानून-व्यवस्था को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने रात्रि गश्ती को और प्रभावी बनाने और संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित पेट्रोलिंग करने को कहा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में शांति और सुरक्षा बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना पर तत्काल कार्रवाई की जाए और आम लोगों के साथ बेहतर समन्वय बनाकर अपराध पर नियंत्रण रखा जाए।
इस मौके पर थाना प्रभारी सौरभ कुमार ठाकुर सहित थाना के सभी पुलिस पदाधिकारी और कर्मी मौजूद थे।






