दुर्गा पूजा को लेकर प्रशासन अलर्ट - पूजा पंडालों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, उपायुक्त ने दिए कड़े निर्देश
अमित कुमार,
रांची एक्सप्रेस ब्यूरो
देवघर : दुर्गा पूजा के दौरान विधि-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानियां ने जिले के सभी दुर्गा पूजा समितियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
उपायुक्त ने कहा कि पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सर्वोपरि है। सभी समितियां पंडालों में अग्निशामक यंत्र, सीसीटीवी कैमरा, पर्याप्त संख्या में पहचान पत्र धारी स्वयंसेवकों की तैनाती, विद्युत विभाग से अस्थायी विद्युत कनेक्शन और साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करें, ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो। साथ ही प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों को पूरा सहयोग देने का निर्देश दिया गया है।
उपायुक्त ने सभी पूजा समितियों और श्रद्धालुओं से अपील की है कि देवघर को प्लास्टिक मुक्त बनाने में सहयोग करें। पंडालों में डिस्पोजेबल प्लास्टिक ग्लास, प्लेट, थर्मोकोल या प्लास्टिक से बनी अन्य सामग्रियों का उपयोग न किया जाए।
त्योहार के दौरान सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि भ्रामक खबर, अफवाह या सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाली पोस्ट करने वालों पर त्वरित और विधि-सम्मत कार्रवाई होगी। इसके लिए जिला प्रशासन की आईटी और साइबर सेल को 24 घंटे सक्रिय रहने का निर्देश दिया गया है।
साथ ही सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों, अंचलाधिकारियों, थाना प्रभारियों, अनुमंडल पदाधिकारियों और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार गश्त कर विधि-व्यवस्था, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखने का निर्देश दिया गया है।






