BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

वन भूमि पर जंगल काटकर पोस्ता की खेती कर रहे दो आरोपी गिरफ्तार, 500 ग्राम बीज जब्त


रांची एक्सप्रेस संवाददाता

चतरा ।जिले में अफीम की अवैध खेती और तस्करी के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में लावालौंग थाना क्षेत्र के साम्भे गांव के पिपराडीह टोला में वन भूमि पर अवैध रूप से पोस्ता की खेती करने के आरोप में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान उमेश गंझु उर्फ महेंद्र गंझु और केश्वर गंझु के रूप में हुई है। दोनों पिपराडीह टोला के निवासी बताए गए हैं। पुलिस ने मौके से 500 ग्राम पोस्ता बीज भी बरामद किया है।समाहरणालय स्थित अपने कार्यालय कक्ष में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में एसपी अनिमेष नैथानी ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि पिपराडीह इलाके में वन भूमि पर पेड़ों की कटाई कर अवैध रूप से पोस्ता की खेती की तैयारी की जा रही है। सूचना के सत्यापन और कार्रवाई के लिए सिमरिया के प्रभारी एसडीपीओ सन्नी वर्धन के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम गठित की गई। टीम में लावालौंग थाना प्रभारी चंदन सिंह सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।छापेमारी के दौरान पुलिस टीम ने बुचुआ नाला के किनारे करीब 10 डिसमिल वन भूमि की जुताई कर पोस्ता की बुआई कर रहे दोनों आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घटनास्थल से 500 ग्राम पोस्ता बीज भी जब्त किया।एसपी ने स्पष्ट कहा कि जिले में अफीम की अवैध खेती किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। वन भूमि पर अतिक्रमण कर नशे के अवैध कारोबार में शामिल लोगों को चिह्नित कर उनके विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।इस मामले में लावालौंग थाना में एनडीपीएस एक्ट और वन अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।