BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

अंधविश्वास और सिद्धि प्राप्ति के चक्कर में मौसी ने ही कर दी मासूम भतीजी की हत्या, तीन गिरफ्तार


रांची एक्सप्रेस संवाददाता
चतरा। जिले के प्रतापपुर थाना क्षेत्र में आठ वर्षीय मासूम बच्ची की हत्या के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस के अनुसार, अंधविश्वास और कथित रूप से सिद्धि प्राप्त करने की चाह में बच्ची की मौसी ने अपने दो रिश्तेदारों के साथ मिलकर उसकी हत्या कर दी। मामले में मुख्य आरोपी मौसी सोहरी देवी समेत तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
दीपावली के दौरान लापता हुई थी बच्ची
समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी ने बताया कि बीते 11 नवंबर को प्रतापपुर थाना क्षेत्र के चन्द्रि गोविंदपुर पंचायत अंतर्गत चट्टी अनंतपुर गांव निवासी सिताबिया देवी ने अपनी नाबालिग बेटी के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन किया।

घर से 150 मीटर दूर झाड़ी में मिला था को

एसपी ने बताया कि लगातार छानबीन के दौरान 13 नवंबर 2026 को बच्ची का शव घर से लगभग 150 मीटर पश्चिम दिशा में झाड़ी और धान के खेत से बरामद किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने साक्ष्य जुटाकर अनुसंधान तेज किया। पुलिस के मुताबिक, महज 48 घंटे के भीतर इस हत्याकांड का खुलासा कर लिया गया।

मौसी समेत तीन पर हत्या का आरोप

पुलिस अधीक्षक के अनुसार, अनुसंधान में सामने आया कि बच्ची की मौसी सोहरी देवी कथित रूप से घर में ओझा-गुनी और झाड़-फूंक का काम करती थी। पुलिस जांच में आरोप है कि उसने अमावस्या की रात कथित सिद्धि प्राप्त करने के उद्देश्य से अपने भैसुर बिन्दु भारती और भतीजे जुगेश भारती के साथ मिलकर बच्ची की हत्या कर दी। जांच में यह भी सामने आया कि बच्ची के माता-पिता और आरोपियों के बीच पहले से आपसी विवाद चल रहा था।

खून लगे हथियार और तंत्र-मंत्र की सामग्री बरामद

पुलिस ने घटनास्थल और मुख्य आरोपी सोहरी देवी के घर से खून लगा हसुआ, खून लगी करणी, लोहे की छेनी, लाल रंग की टूटी चूड़ी और बाली, खून लगा पलाश का पत्ता एवं घास तथा बच्ची के कपड़े बरामद किए हैं। इसके अलावा कथित तंत्र-मंत्र में इस्तेमाल होने वाली सिंदूर, इत्र, गुलाब जल, धूप और हल्दी जैसी सामग्री भी जब्त की गई है।
पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर पूछताछ के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। एसआईटी में प्रतापपुर थाना प्रभारी आलोक रंजन सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।पुलिस ने लोगों से अंधविश्वास, झाड़-फूंक और कथित तंत्र-मंत्र के नाम पर होने वाली गतिविधियों से दूर रहने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।