डीएमएफटी फंड से स्कूलों में तड़ित चालक लगाने में बड़े पैमाने पर अनियमितता की आशंका, जदयू जिलाध्यक्ष ने लगाये आरोप
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
चतरा। जिले के विभिन्न स्कूलों में डीएमएफटी फंड से तड़ित चालक (आकाशीय बिजली से बचाव के उपकरण) लगाने की योजना में बड़े पैमाने पर वित्तीय अनियमितता की आशंका जताई गई है। जदयू जिलाध्यक्ष सह सांसद प्रतिनिधि ने इस मामले को लेकर सवाल उठाते हुए योजना की पारदर्शिता पर संदेह जाहिर किया है।उन्होंने आरोप लगाया कि पूरे जिले के विभिन्न स्कूलों में डीएमएफटी मद से तड़ित चालक लगाए जा रहे हैं, लेकिन संबंधित विभाग के पास योजना का प्राक्कलन (एस्टीमेट) तक उपलब्ध नहीं है। इस संबंध में जब उन्होंने शिक्षा विभाग के कनीय अभियंता (जेई) से जानकारी मांगी तो उन्होंने योजना के बारे में जानकारी नहीं होने की बात कही।जदयू जिलाध्यक्ष ने यह भी दावा किया कि उन्हें गुप्त सूत्रों से जानकारी मिली है कि योजना का काम करने वाला संवेदक उपायुक्त का करीबी बताया जा रहा है। उन्होंने पूरे मामले में निष्पक्ष जांच कराने, योजना से संबंधित प्राक्कलन, स्वीकृति आदेश, कार्यादेश और खर्च की गई राशि सार्वजनिक करने की मांग की है।उन्होंने कहा कि सरकारी राशि से संचालित योजनाओं में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित होनी चाहिए, ताकि किसी भी प्रकार की वित्तीय अनियमितता की गुंजाइश न रहे। हालांकि, लगाए गए आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।






