BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

IND vs WI T20 मैच : रांची में टिकट वितरण का शेड्यूल जारी, जानें पूरी कीमतें


रांची : जेएससीए इंटरनेशनल स्टेडियम कॉम्प्लेक्स, धुर्वा में शुक्रवार (9 अक्टूबर) को भारत और वेस्टइंडीज के बीच होने वाले दूसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच की तैयारियां तेज हो गई हैं। झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (JSCA) ने लाइफ मेंबर्स और संबद्ध इकाइयों के लिए कॉम्प्लिमेंट्री टिकट वितरण और अतिरिक्त टिकट खरीद का शेड्यूल जारी कर दिया है। सदस्यों को कॉम्प्लिमेंट्री टिकट के साथ एक टी-शर्ट भी दी जाएगी।

जमशेदपुर में 5 और रांची में 6 अक्टूबर को टिकट
JSCA के अनुसार, जमशेदपुर में 5 अक्टूबर 2026 को कीनन स्टेडियम स्थित JSCA ऑफिस के कॉन्फ्रेंस रूम में सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक कॉम्प्लिमेंट्री टिकट बांटे जाएंगे। रांची में 6 अक्टूबर को JSCA स्टेडियम के एमएस धोनी पैवेलियन के साउथ गेट पर सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक टिकट वितरण होगा।

टिकट के लिए पहचान पत्र जरूरी
टिकट लेते समय सदस्यों को अपना JSCA फोटो आईडी कार्ड या वैध पहचान पत्र दिखाना अनिवार्य होगा। JSCA ने सदस्यों को टिकट खुद जाकर लेने को प्राथमिकता दी है। हालांकि, कॉम्प्लिमेंट्री टिकट लेने के लिए अधिकृत व्यक्ति को भी अनुमति दी गई है। इसके लिए ईमेल के जरिए भेजा गया Authorisation Letter जरूरी होगा। पत्र में सदस्य संख्या और अधिकृत व्यक्ति का मोबाइल नंबर दर्ज होना अनिवार्य है।

लाइफ मेंबर्स को अधिकतम 5 टिकट
लाइफ मेंबर्स को अधिकतम पांच कॉम्प्लिमेंट्री टिकट मिलेंगे। इन टिकटों की कीमत ₹3,500 से ₹8,000 तक है। संबद्ध जिलों को अधिकतम 100 टिकट मिलेंगे। इनमें 50 टिकट ₹3,000 और 50 टिकट ₹3,500 के होंगे। स्कूल, क्लब और संस्थानों के लिए अधिकतम 25 टिकट का कोटा तय किया गया है। इनमें 15 टिकट ₹3,000 और 10 टिकट ₹3,500 के होंगे।

अतिरिक्त टिकट के लिए 2 अक्टूबर तक भेजें मांग पत्र
अतिरिक्त टिकट खरीदने के इच्छुक सदस्यों और संबद्ध इकाइयों को 2 अक्टूबर 2026 की शाम 6 बजे तक JSCA के ईमेल पर मांग पत्र भेजना होगा। अतिरिक्त टिकटों का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से RTGS/NEFT के जरिए JSCA के बैंक खाते में करना होगा।

₹1,600 से शुरू होगी सामान्य टिकट की कीमत
मैच के सामान्य टिकट की कीमत ₹1,600 से शुरू होकर ₹4,500 तक है। ईस्ट और वेस्ट हिल के टिकट ₹1,600 के हैं। विंग A और C (अपर/लोअर) के टिकट ₹2,000 से ₹3,000, विंग B के टिकट ₹2,500 से ₹3,500 और विंग D (लोअर/स्पाइस बॉक्स) के टिकट ₹2,500 से ₹3,000 के हैं। डोनर्स एंक्लोजर का टिकट ₹4,000 और अमिताभ चौधरी पैवेलियन (प्रीमियम टेरेस) का टिकट ₹4,500 निर्धारित किया गया है।

हॉस्पिटैलिटी टिकट की कीमत
हॉस्पिटैलिटी श्रेणी में कॉर्पोरेट बॉक्स की कीमत ₹8,000, हॉस्पिटैलिटी बॉक्स की ₹9,000 और एमएस धोनी पैवेलियन लक्जरी पार्लर की ₹10,000 है। कॉर्पोरेट लाउंज का टिकट ₹15,000 और प्रेसिडेंट एंक्लोजर का टिकट ₹18,000 निर्धारित किया गया है। JSCA की ओर से टिकट वितरण का शेड्यूल जारी होने के बाद सदस्यों के बीच भी मैच को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं।