BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

बेंगलुरु में सड़क दुर्घटना में चतरा के मजदूर की मौत, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़


रांची एक्सप्रेस संवाददाता

चतरा। रोजी-रोटी की तलाश में परदेश गए चतरा के एक गरीब मजदूर की सड़क दुर्घटना में मौत के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। इटखोरी प्रखंड के पीतिज गांव अंतर्गत सहरेता निवासी 30 वर्षीय पिंटू कुमार भुइयां की 15 नवंबर 2026 को बेंगलुरु में सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। पिंटू श्री मंजुनाथ इंटरप्राइजेज में काम करता था।
हादसे के बाद से मृतक की पत्नी और छोटे-छोटे बच्चे अपने प्रियजन के पार्थिव शरीर के गांव पहुंचने का इंतजार कर रहे हैं। परिजनों की इच्छा है कि पिंटू का अंतिम दर्शन कर पैतृक गांव में ही पूरे सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जा सके।इस मामले में समाजसेवी उमेश कुमार भारती ने जिला प्रशासन से मृतक का पार्थिव शरीर बेंगलुरु से पैतृक गांव पहुंचाने की गुहार लगाई थी। इसके बाद जिला परिषद उपाध्यक्ष ब्रज किशोर तिवारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल संज्ञान लिया। उन्होंने उपायुक्त रवि आनंद को घटना की जानकारी देकर पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने और शव को गांव तक पहुंचाने की व्यवस्था करने का आग्रह किया।जिला परिषद उपाध्यक्ष ब्रज किशोर तिवारी ने बताया कि उपायुक्त रवि आनंद ने मामले में संवेदनशीलता दिखाते हुए पीड़ित परिवार को तत्काल 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। साथ ही मृतक का पार्थिव शरीर बेंगलुरु से चतरा स्थित पैतृक गांव लाने के लिए श्रम पदाधिकारी को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन की इस पहल से संकट की घड़ी में शोकाकुल परिवार को राहत मिलने की उम्मीद है। मृतक का भाई दिलीप भुइयां फिलहाल बेंगलुरु में मौजूद है। परिवार की एक ही उम्मीद है कि पिंटू का पार्थिव शरीर जल्द गांव पहुंचे, ताकि परिजन अंतिम दर्शन कर सकें और अपने गांव की मिट्टी में उसका अंतिम संस्कार कर सकें।