BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

कोलाघाट में बाइक-स्कूटी की टक्कर में तीन की मौत, तीन घायल


कोलकाता, 18 अक्टूबर :  पूर्व मेदिनीपुर जिले के कोलाघाट थाना क्षेत्र के मेचेदा स्थित शांतिपुर में हल्दिया–मेचेदा राज्य सड़क पर बाइक और स्कूटी की आमने-सामने की टक्कर में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। घायलों में दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। शनिवार रात शांतिपुर बस स्टॉप के पास यह दुर्घटना हुई।
दुर्गापूजा के दौरान प्रतिमा दर्शन के लिए निकले बाइक और स्कूटी सवार इस दुर्घटना का शिकार हुए। रात के अंधेरे में दोनों वाहनों के बीच जोरदार टक्कर हुई, जिससे बाइक और स्कूटी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया।
सूचना मिलने पर कोलाघाट थाने की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को निकालकर मेचेदा के एक नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। घायलों में दो की स्थिति गंभीर बनी हुई है।
मृतकों की पहचान सुजीत मेट्या (20), बिस्वजीत कर्मकार (19) और अर्घ्य मंडल (20) के रूप में हुई है। सुजीत और बिस्वजीत पूर्व मेदिनीपुर जिले के नंदकुमार थाना क्षेत्र के श्रीकृष्णपुर के निवासी थे, जबकि अर्घ्य कोलाघाट थाना क्षेत्र के रामचंद्रपुर का रहने वाला था। पुलिस दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दुर्घटना में शामिल बाइक और स्कूटी पर सवार किसी भी व्यक्ति ने हेलमेट नहीं पहन रखा था।
दुर्घटना के बाद हल्दिया–मेचेदा राज्य सड़क पर कुछ समय तक यातायात बाधित रहा। बाद में पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया और वाहनों की आवाजाही सामान्य कराई।