रांची: झारखंड की न्यायिक व्यवस्था में महत्वपूर्ण प्रशासनिक बदलाव होने जा रहा है। केंद्र सरकार ने झारखंड हाईकोर्ट के वरिष्ठ न्यायाधीश जस्टिस सुजीत नारायण प्रसाद को कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया है। राष्ट्रपति की मंजूरी के बाद केंद्रीय कानून एवं न्याय मंत्रालय ने इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी है। जारी अधिसूचना के अनुसार, जस्टिस सुजीत नारायण प्रसाद 28 नवंबर 2026 से कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश के रूप में अपनी जिम्मेदारी संभालेंगे। यह नियुक्ति मौजूदा मुख्य न्यायाधीश जस्टिस महेश शरदचंद्र सोनक के 27 नवंबर को सेवानिवृत्त होने के बाद प्रभावी होगी। संविधान के अनुच्छेद 223 के तहत हुई नियुक्ति यह नियुक्ति भारतीय संविधान के अनुच्छेद 223 के प्रावधानों के तहत की गई है। इसके अंतर्गत मुख्य न्यायाधीश का पद रिक्त होने पर राष्ट्रपति संबंधित उच्च न्यायालय के किसी अन्य न्यायाधीश को कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश की जिम्मेदारी सौंप सकते हैं। पहले भी संभाल चुके हैं यह पद जस्टिस सुजीत नारायण प्रसाद झारखंड हाईकोर्ट में पहले भी दो बार कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश की जिम्मेदारी निभा चुके हैं। उन्हें पहली बार जुलाई 2024 और दूसरी बार जुलाई 2025 में यह दायित्व सौंपा गया था। इस बार तीसरी बार उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिली है। जस्टिस प्रसाद ने 26 सितंबर 2014 को झारखंड हाईकोर्ट के अतिरिक्त न्यायाधीश के रूप में शपथ ली थी। बाद में उनका स्थानांतरण ओडिशा हाईकोर्ट में हुआ और वर्ष 2018 में वह दोबारा झारखंड हाईकोर्ट लौटे। उनकी नियुक्ति ऐसे समय में हुई है, जब हाईकोर्ट में नए मुख्य न्यायाधीश की नियुक्ति की प्रक्रिया भी आगे बढ़ रही है। सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने कर्नाटक हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस विभु बाखरू को झारखंड हाईकोर्ट का अगला मुख्य न्यायाधीश बनाने की सिफारिश की है। उनके कार्यभार संभालने तक जस्टिस सुजीत नारायण प्रसाद कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश के रूप में न्यायिक और प्रशासनिक जिम्मेदारियां संभालेंगे।
जस्टिस सुजीत नारायण प्रसाद बने झारखंड हाईकोर्ट के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश, 28 नवंबर से संभालेंगे जिम्मेदारी






