भुरकुंडा। ओपी क्षेत्र अंतर्गत सौंदा डी पंचायत की रामनगर कॉलोनी में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां एक युवक ने अपने घर के बरामदे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान रामनगर कॉलोनी निवासी स्व. यमुना भुइयां के पुत्र कृष्णा भुइयां के रूप में हुई है। घटना की जानकारी शुक्रवार सुबह तब हुई, जब पड़ोसियों ने कृष्णा का शव घर के बरामदे में फंदे से लटका देखा। घटना की खबर फैलते ही आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना भुरकुंडा ओपी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही भुरकुंडा पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को फंदे से उतारकर पंचनामा तैयार किया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। स्थानीय लोगों के अनुसार मृतक कृष्णा भुइयां घर में अकेला रहता था और ऑटो चलाकर अपना गुजारा करता था। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है।






