मदगी गांव में वर्षों से गिरे पीपल के विशाल पेड़ से ग्रामीणों को मिली राहत
विशाल वृक्ष को पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष के सहयोग से जेसीबी व हाइड्रा की मदद से हटाया गया
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
रजरप्पा। दुलमी प्रखंड के मदगी गांव में वर्षों से गिरे पड़े विशाल पीपल के पेड़ के कारण ग्रामीणों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। ग्रामीणों की समस्या की जानकारी मिलने पर रामगढ़ के पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष ब्रह्मदेव महतो ने बुधवार को पहल करते हुए वृक्ष को हटवाने का कार्य कराया। उनके माध्यम से विशाल वृक्ष को हटाने के लिए जेसीबी और हाइड्रा मशीन की मदद ली गई। काफी मेहनत और मशक्कत के बाद वृक्ष को वहां से हटाया गया, जिससे लंबे समय से बनी समस्या का समाधान हो सका। इस दौरान स्थानीय लोगों एवं सहयोगियों ने भी कार्य में सहयोग किया। वृक्ष हटाए जाने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। ग्रामीणों ने समस्या के समाधान के लिए पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष ब्रह्मदेव महतो के प्रति आभार जताया। ग्रामीणों का कहना था कि लंबे समय से गिरे पड़े पेड़ के कारण आवागमन समेत अन्य कार्यों में परेशानी हो रही थी। पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष ब्रह्मदेव महतो के सहयोग से समस्या का समाधान होने पर ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना की। ब्रह्मदेव महतो ने कहा कि क्षेत्र के लोगों की समस्याओं का निराकरण करना ही हमारी पहली प्राथमिकता है। आगे भी अपने स्तर से हर समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर प्रयासरत रहूंगा।






