रामगढ़ में दो दिवसीय अंतर-महाविद्यालय पुरुष वॉलीबॉल प्रतियोगिता का शानदार आगाज
वॉलीबॉल के मैदान में छह कॉलेजों की टक्कर, रामगढ़ कॉलेज ने फाइनल की ओर बढ़ाया कदम
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
रामगढ़। रामगढ़ महाविद्यालय में सोमवार को विनोबा भावे विश्वविद्यालय, हजारीबाग के अंतर्गत अंतर-महाविद्यालय पुरुष वॉलीबॉल प्रतियोगिता का शानदार आगाज हुआ। दो दिवसीय प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय से संबद्ध छह महाविद्यालयों की टीमें दमखम दिखा रही हैं। प्रतियोगिता का उद्घाटन विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो डॉ चंद्रभूषण शर्मा ने गेंद उछालकर किया।
छह कॉलेजों की टीमें, मैदान में दिखेगा दमखम
प्रतियोगिता में आदर्श कॉलेज राजधनवार, अन्नदा कॉलेज हजारीबाग, जुबिली कॉलेज भुरकुंडा, सरिया कॉलेज सरिया, संत कोलंबस कॉलेज हजारीबाग और रामगढ़ कॉलेज रामगढ़ की टीमें हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, टीम प्रबंधकों और निर्णायकों के लिए महाविद्यालय प्रशासन एवं आयोजन समिति की ओर से आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं।
खेल में प्रतिद्वंद्वी नहीं, साथी समझें : कुलपति
उद्घाटन समारोह में कुलपति प्रो चंद्रभूषण शर्मा ने खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ खेलने की सीख दी। उन्होंने कहा कि विपक्षी टीम और खिलाड़ी को दुश्मन नहीं, बल्कि साथी समझकर खेलना चाहिए। खेल विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास का महत्वपूर्ण माध्यम है और इसे पढ़ाई से अलग नहीं समझना चाहिए। उन्होंने कहा कि देश में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास हो रहे हैं। विश्वविद्यालय स्तर की प्रतियोगिताएं खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा साबित करने और आगे बढ़ने का महत्वपूर्ण अवसर देती हैं। उन्होंने रामगढ़ कॉलेज में प्रतियोगिता की व्यवस्थाओं की सराहना भी की।
खेल से अनुशासन और टीम भावना होती है मजबूत : प्राचार्य
रामगढ़ महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो डॉ बिमल कुमार मिश्रा ने स्वागत भाषण में कुलपति का अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि रामगढ़ कॉलेज को विश्वविद्यालय स्तरीय प्रतियोगिता की मेजबानी मिलना गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि खेल प्रतियोगिताओं से विद्यार्थियों में अनुशासन, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का विकास होता है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए पूरी मेहनत और अनुशासन के साथ खेलने का आह्वान किया।
रामगढ़ कॉलेज ने अन्नदा कॉलेज को हराकर सेमीफाइनल जीता
प्रतियोगिता के पहले मुकाबले में अन्नदा कॉलेज हजारीबाग ने आदर्श कॉलेज राजधनवार को शिकस्त दी। दूसरे मुकाबले में जुबिली कॉलेज भुरकुंडा ने सरिया कॉलेज सरिया को हराया। इसके बाद पहले सेमीफाइनल में पिछले वर्ष की विजेता रामगढ़ कॉलेज और अन्नदा कॉलेज हजारीबाग के बीच मुकाबला हुआ। इसमें रामगढ़ कॉलेज ने जीत दर्ज कर फाइनल की ओर कदम बढ़ाया।
फाइनल मुकाबला आज
मंगलवार को दूसरा सेमीफाइनल संत कोलंबस कॉलेज हजारीबाग और जुबिली कॉलेज भुरकुंडा के बीच खेला जाएगा। इसके बाद फाइनल मुकाबला और समापन सह पुरस्कार वितरण समारोह होगा।
ईस्ट जोन के लिए खिलाड़ियों पर चयनकर्ताओं की नजर
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का चयन ईस्ट जोन प्रतियोगिता के लिए विश्वविद्यालय की टीम में किया जाएगा। इसके लिए विश्वविद्यालय की ओर से चयनकर्ता भी पहुंचे हैं, जो खिलाड़ियों के प्रदर्शन का बारीकी से मूल्यांकन कर रहे हैं।
आयोजन समिति ने संभाली जिम्मेदारी
प्रतियोगिता का संचालन खेल समन्वयक डॉ राहुल कुमार के नेतृत्व में हो रहा है। उन्होंने कहा कि रामगढ़ कॉलेज में विश्वविद्यालय स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन गौरव का विषय है। उन्होंने आयोजन में सहयोग करने वाले सभी शिक्षकों एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारियों के प्रति आभार जताया। उद्घाटन समारोह का संचालन डॉ विजेता तिग्गा ने किया। समापन समारोह में विश्वविद्यालय के छात्र कल्याण संकायाध्यक्ष डॉ विकास कुमार मुख्य अतिथि तथा डॉ सुकल्याण मोइत्रा विशिष्ट अतिथि होंगे।







