नाबालिग से दुष्कर्म और जबरन गर्भपात कराने के आरोप में दो गिरफ्तार, न्यायिक हिरासत में भेजे गए
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
लावालौंग (चतरा)। लावालौंग थाना क्षेत्र में नाबालिग के साथ दुष्कर्म और जबरन गर्भपात कराने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 12 घंटे के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 12 अक्टूबर को थाना क्षेत्र की एक नाबालिग पीड़िता ने गांव के ही दो युवकों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि दोनों उसे जंगल में ले गए, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया गया। पीड़िता ने जबरन दवा खिलाकर गर्भपात कराने का आरोप भी लगाया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सिमरिया के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 12 घंटे के भीतर दोनों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बांदू भुइयां उर्फ नागेंद्र भुइयां (18 वर्ष), पिता लालजीत भुइयां, तथा रोहित भुइयां (करीब 20 वर्ष), पिता रामेश्वर भुइयां, के रूप में हुई है। दोनों लावालौंग थाना क्षेत्र के निवासी हैं।इस संबंध में लावालौंग थाना कांड संख्या 75/26, दिनांक 12 अक्टूबर 2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं तथा पॉक्सो अधिनियम की धारा 4/6 के तहत मामला दर्ज किया गया है।छापेमारी दल में लावालौंग थाना प्रभारी पुलिस अवर निरीक्षक चंदन कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक विधायक प्रसाद यादव, थाना सशस्त्र बल और स्थानीय चौकीदार शामिल थे।






