हुसैनाबाद पुलिस ने एंटी क्राइम चेकिंग में बाइक चोर गिरोह के तीन सदस्य को पकड़ा,चोरी की तीन बाइक बरामद
हुसैनाबाद:कृष्णा यादव
हुसैनाबाद,पलामू: हुसैनाबाद अनुमंडल क्षेत्र में बाइक चोरी की बढ़ती घटनाओं पर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।मंगलवार को हुसैनाबाद एसडीपीओ व थाना प्रभारी चंदन कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर घटना की जानकारी देते हुए बताया कि बराही धाम मेन गेट के पास चल रहे वाहन चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने तीन शातिर बाइक चोरों को गिरफ्तार कर चोरी की तीन बाइक बरामद की है। पुलिस अधीक्षक पलामू के निर्देश पर एसडीपीओ हुसैनाबाद दिव्यांश शुक्ला के नेतृत्व में 12 अक्टूबर की रात 10 बजे से विशेष चेकिंग लगाई गई थी। रात करीब 11.30 बजे दंगवार की ओर से एक बाइक सवार जपला की तरफ आ रहा था। रोकने पर वह भागने लगा, जिसे जवानों ने दौड़ाकर पकड़ लिया।
तलाशी में उसके पास मिली काले रंग की स्प्लेंडर (BR24S 5610) का कोई कागजात नहीं था। पूछताछ में उसने अपना नाम रिशु कुमार बताया और स्वीकार किया कि बाइक 30 सितंबर को जपला से चोरी की थी। उसकी निशानदेही पर दंगवार स्कूल मैदान से दो और चोरी की बाइक बरामद हुई।
गिरफ्तार तीनों आरोपी औरंगाबाद (बिहार) के नवीनगर थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं - रिशु कुमार (19), अभिषेक कुमार (19) और आयुष कुमार (18)।
पुलिस के अनुसार गिरोह पिछले तीन साल से हुसैनाबाद, अम्बा, टंडवा, नवीनगर, कुटुम्बा और औरंगाबाद में बाइक चोरी कर सस्ते में बेचता था।
पुलिस ने एक बिना नंबर की हीरो बाइक, दो स्प्लेंडर बाइक और दो मोबाइल जब्त किया है।






