भुरकुंडा। भाजपा भुरकुंडा मंडल के नेतृत्व में सांसद तीर्थ दर्शन महाअभियान का 89वां जत्था बुधवार दोपहर तीन बजे रवाना होगा। तीर्थयात्रियों की यह यात्रा थाना मैदान स्थित काली मंदिर प्रांगण से शुरू होगी। उक्त जानकारी मंडल के सांसद प्रतिनिधि सतीश मोहन मिश्रा ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दी है। उन्होंने बताया कि इस सांसद तीर्थ दर्शन यात्रा के तहत श्रद्धालु चार प्रमुख धामों काशी विश्वनाथ, अयोध्या, प्रयागराज और विंध्याचल की यात्रा करेंगे। यात्रा के प्रस्थान के अवसर पर सांसद प्रतिनिधि ने मंडल के सम्मानित पदाधिकारियों, क्षेत्र में निवास करने वाले प्रदेश व जिला स्तर के पदाधिकारियों, शक्ति केंद्र के संयोजकों, सह-संयोजकों तथा सम्मानित बूथ अध्यक्षों से काली मंदिर प्रांगण में उपस्थित होने की अपील की है, ताकि तीर्थयात्रियों को शुभकामनाएं देकर उनकी मंगलमय यात्रा की कामना की जा सके।







