डभातू स्थित किसान उच्च विद्यालय में हॉल निर्माण कार्य का विधायक ने किया शिलान्यास
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
गोला। गोला प्रखंड के डभातू स्थित किसान उच्च विद्यालय में शनिवार को विधायक मद से बनने वाले हॉल निर्माण कार्य का शिलान्यास किया गया। मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रामगढ़ विधायक ममता देवी ने विधिवत पूजा-अर्चना कर एवं शिलापट्ट का अनावरण कर निर्माण कार्य की आधारशिला रखी। विधायक ने कहा कि विद्यालय में हॉल का निर्माण विद्यार्थियों और विद्यालय परिवार के लिए उपयोगी साबित होगा। इससे शैक्षणिक गतिविधियों, बैठकों, सांस्कृतिक कार्यक्रमों सहित अन्य सामूहिक आयोजनों के लिए बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विद्यालयों में आवश्यक आधारभूत सुविधाओं का विकास हमारी प्राथमिकता है। इससे पूर्व स्कूली छात्राओं ने पुष्प वर्षा कर और संवेदक परमेश्वर महथा ने पुष्पगुच्छ देकर विधायक का स्वागत किया। इस अवसर पर विधायक प्रतिनिधि जाकिर अख्तर, कांग्रेस नेता मनोज कुमार कोटवार, गौरीशंकर महतो, विद्यालय के प्रधानाध्यापक मनेश्वर महतो, शिक्षक निहार रंजन, टेकलाल महतो सहित कई छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।






