सार्वजनिक दुर्गा मंदिर की प्रतिमा का हुआ विसर्जन, भक्तों ने नम आंखों से मां को दी विदाई
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
गोला। गोला, चितरपुर एवं दुलमी प्रखंड सहित आसपास के क्षेत्रों में दुर्गा पूजा हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इसी क्रम में विजयादशमी के अवसर पर बुधवार को गोला स्थित श्री श्री सार्वजनिक दुर्गा मंदिर में स्थापित मां दुर्गा की प्रतिमा का विसर्जन किया गया। इस दौरान मां दुर्गा की प्रतिमा को रजरप्पा रोड, कुसुमडीह से होकर मेन रोड से गोला डीवीसी चौक होते हुए विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण कराने के पश्चात रात्रि में कालीनाथ चौक स्थित तालाब में विसर्जन किया गया। इससे पूर्व विसर्जन के दौरान जगह-जगह श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा से आशीर्वाद लेते हुए सुख-समृद्धि की कामना की और मां दुर्गा को नम आंखों से भावभीनी विदाई दी। उधर, गोला के सुवर्ण वणिक समाज के दुर्गा मंदिर में स्थापित मां दुर्गा की प्रतिमा का भी बुधवार को विसर्जन किया गया।






