शांतनु मिश्रा बने राजीव गांधी पंचायती राज संगठन के प्रदेश अध्यक्ष
कांग्रेस नेतृत्व ने सौंपी बड़ी जिम्मेदारी, ममता देवी और शहजाद अनवर समेत जिला कांग्रेस नेताओं ने दी बधाई
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
रामगढ़। झारखंड में पंचायत स्तर पर संगठन को मजबूत करने की दिशा में कांग्रेस ने शांतनु मिश्रा को राजीव गांधी पंचायती राज संगठन का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। उनकी नियुक्ति पर रामगढ़ जिला कांग्रेस कमेटी ने खुशी जताते हुए पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त किया है। जिला कांग्रेस नेताओं ने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में पंचायतों को मजबूत करने और ग्रामीण स्तर पर संगठन का विस्तार करने के अभियान को नई गति मिलेगी।
कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व के प्रति जताया आभार
शांतनु मिश्रा की नियुक्ति पर कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव (संगठन) केसी वेणुगोपाल, झारखंड प्रदेश कांग्रेस प्रभारी के. राजू, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश तथा सह-प्रभारी भूपेंद्र मरावी के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
पंचायतों को अधिकार संपन्न बनाना होगा प्राथमिकता
नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष शांतनु मिश्रा ने पार्टी नेतृत्व के प्रति आभार जताते हुए कहा कि वह इस जिम्मेदारी का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ करेंगे। उन्होंने झारखंड में राजीव गांधी पंचायती राज संगठन को पंचायत से लेकर प्रदेश स्तर तक मजबूत करने, जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने और पंचायतों को उनके संवैधानिक अधिकार दिलाने के लिए निरंतर प्रयास करने की बात कही।
गांव के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना होगा
उन्होंने कहा कि सशक्त ग्राम सभा, अधिकार संपन्न पंचायत और जनभागीदारी पर आधारित लोकतंत्र ही राजीव गांधी के सपनों के भारत की वास्तविक नींव है। संगठन की प्राथमिकता ग्राम सभाओं और पंचायतों को मजबूत करना, ग्रामीण जनता की भागीदारी सुनिश्चित करना तथा लोकतंत्र की शक्ति गांव के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना होगा।
जिला कांग्रेस नेताओं ने दी बधाई
शांतनु मिश्रा की नियुक्ति पर रामगढ़ जिला कांग्रेस अध्यक्ष ममता देवी, पूर्व प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष शहजाद अनवर सहित जिले के कांग्रेस नेताओं ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। नेताओं ने उम्मीद जताई कि पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के मार्गदर्शन और कार्यकर्ताओं के सहयोग से झारखंड में पंचायती राज व्यवस्था को सशक्त बनाने तथा कांग्रेस की विचारधारा को गांव-गांव तक पहुंचाने के प्रयासों को मजबूती मिलेगी।






