स्वास्थ्य मेले में उमड़ी भीड़, 750 लोगों ने कराई जांच और लिया चिकित्सकीय परामर्श
झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़े के तहत राधा गोविन्द विश्वविद्यालय परिसर में लगा स्वास्थ्य मेला, विधायक ममता देवी ने किया उद्घाटन
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
रामगढ़। झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़े के तहत सोमवार को जिला स्वास्थ्य समिति की ओर से राधा गोविन्द विश्वविद्यालय परिसर में एक दिवसीय स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया गया। मेले में करीब 750 लोगों ने पहुंचकर विभिन्न स्वास्थ्य जांच, निःशुल्क चिकित्सकीय परामर्श और स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। स्वास्थ्य मेले के माध्यम से आम नागरिकों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के साथ लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और बीमारियों के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया। मेले का उद्घाटन विधायक ममता देवी ने दीप प्रज्वलित कर किया।
स्वस्थ समाज से ही संभव है राज्य का समग्र विकास
उद्घाटन के मौके पर विधायक ममता देवी ने कहा कि स्वस्थ समाज से ही राज्य और देश का समग्र विकास संभव है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग की इस पहल की सराहना करते हुए लोगों से सरकार की विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं और निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि बीमारियों से बचाव के लिए नियमित स्वास्थ्य जांच और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बेहद जरूरी है।
विशेषज्ञ चिकित्सकों ने दिया निःशुल्क परामर्श, मिलीं दवाएं
स्वास्थ्य मेले में विभिन्न विभागीय योजनाओं के तहत अलग-अलग स्टॉल लगाए गए थे। यहां विशेषज्ञ चिकित्सकों ने लोगों की स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं सुनीं और निःशुल्क चिकित्सकीय परामर्श के साथ आवश्यक दवाएं भी उपलब्ध कराईं। नियमित टीकाकरण के तहत विभिन्न आयु वर्ग के लोगों को टीके लगाए गए तथा इससे संबंधित जानकारी दी गई। मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं के तहत गर्भवती महिलाओं और नवजात शिशुओं की जांच कर आवश्यक चिकित्सकीय सलाह दी गई। इसके अलावा परिवार नियोजन से संबंधित सेवाएं भी उपलब्ध कराई गईं।
ब्लड प्रेशर और मधुमेह समेत कई बीमारियों की हुई जांच
गैर-संचारी रोग नियंत्रण कार्यक्रम के तहत मेले में पहुंचे लोगों के ब्लड प्रेशर, मधुमेह समेत अन्य बीमारियों की स्क्रीनिंग की गई। स्वास्थ्य कर्मियों ने लोगों को स्वच्छता, संतुलित जीवनशैली अपनाने और विभिन्न बीमारियों से बचाव के उपायों की जानकारी दी।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी और कर्मी रहे मौजूद
मौके पर सिविल सर्जन डॉ. अनिल कुमार, जिला आरसीएच पदाधिकारी डॉ. ठाकुर मृत्युंजय कुमार सिंह, जिला कुष्ठ निवारण पदाधिकारी डॉ. तुलिका रानी, जिला यक्ष्मा पदाधिकारी डॉ. स्वराज, डॉ. विवेक समेत स्वास्थ्य विभाग के कई पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद थे। मेले के सफल आयोजन में डीपीएमयू टीम, विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों की टीम, बीटीटी और स्वास्थ्य सहियाओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा।






