लंबित मांगों को लेकर चिकित्सकों का आंदोलन शुरू, 20 अक्टूबर तक लगाएंगे काला बिल्ला
रामगढ़ में सरकारी और निजी डॉक्टर एकजुट, आज उपायुक्त को सौंपेंगे ज्ञापन
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
रामगढ़। चिकित्सकों की वर्षों से लंबित मांगों के समाधान को लेकर रामगढ़ जिले में संयुक्त चिकित्सा आंदोलन शुरू हो गया है। राज्य इकाई के निर्देश पर मंगलवार को जिले के सरकारी और निजी चिकित्सकों ने अपने-अपने कार्यस्थलों पर काला बिल्ला लगाकर शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन किया। यह आंदोलन के पहले चरण की शुरुआत है।
10 चिकित्सा संगठनों ने मिलकर छेड़ी लड़ाई
चिकित्सा समुदाय की लंबित मांगों को लेकर मेडिकल फ्रेटरनिटी के 10 संगठनों ने चार चरणों में संयुक्त आंदोलन करने की घोषणा की है। आंदोलन के पहले चरण में चिकित्सक 20 अक्टूबर 2026 तक काला बिल्ला लगाकर अपना विरोध दर्ज कराएंगे। चिकित्सकों का कहना है कि उनकी जायज मांगों का शीघ्र और न्यायसंगत समाधान किया जाना चाहिए।
आज प्रेस कॉन्फ्रेंस, डीसी को सौंपेंगे ज्ञापन
आंदोलन के अगले चरण के तहत आज प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की जाएगी। इसके बाद चिकित्सकों की लंबित मांगों और संयुक्त आंदोलन से संबंधित ज्ञापन रामगढ़ के उपायुक्त को सौंपा जाएगा।






