स्वामी विवेकानंद के संदेश ‘नया भारत गढ़ो’ पर जिला स्तरीय प्रतियोगिता आयोजित
बरकाकाना। माँ बनजारी आईटीआई, घुटुवा में सोमवार को रामकृष्ण मिशन आश्रम, मोराबादी रांची एवं माँ बनजारी आईटीआई के संयुक्त तत्वावधान में स्वामी विवेकानंद के संदेश ‘नया भारत गढ़ो’ पर जिला स्तरीय प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें रामगढ़ जिले के विभिन्न विद्यालयों से चयनित करीब 80 छात्र-छात्राओं ने क्विज एवं स्वदेश मंत्र पाठ प्रतियोगिता में भाग लिया।
कार्यक्रम का उद्घाटन संस्थान के निदेशक जितेंद्र कुमार मंडल एवं सचिव गजानंद पाठक ने किया। इस दौरान निदेशक ने कहा कि स्वामी विवेकानंद के विचार युवाओं को आत्मविश्वास, चरित्र निर्माण और राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करते हैं। वहीं सचिव ने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताओं से विद्यार्थियों में ज्ञान, अनुशासन, राष्ट्रप्रेम एवं स्वदेशी भावना का विकास होता है। मौके पर संस्थान के अनुदेशक जग्गू मुंडा, अनन्ता दिग्पति, सुनील कुमार, रोहित कुमार, अनीषा कुमारी, श्रीकांत सहित अन्य लोग उपस्थित थे।






