रामगढ़ में स्पीड मीटर लगाने की मांग, रात 10 बजे तक बढ़े नो-एंट्री का समय
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
रामगढ़। शहर में तेज रफ्तार वाहनों पर अंकुश लगाने और सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए आजसू मजदूर यूनियन, बिरसा मुंडा न्यू बस स्टैंड रामगढ़ के अध्यक्ष नीरज मंडल ने मंगलवार को डीसी से शहर में स्पीड मीटर लगाने की मांग की है। उन्होंने रात में नो-एंट्री का समय बढ़ाकर 10 बजे तक करने की भी अपील की है।
तेज रफ्तार पर लगे लगाम, हादसों पर हो नियंत्रण
नीरज मंडल ने कहा कि शहर में सड़कों के निर्माण और भारी वाहनों की तेज आवाजाही के कारण दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। पूर्व में भी कई सड़क हादसों में निर्दोष लोगों की जान जा चुकी है। ऐसे में बाइक और भारी वाहनों की गति नियंत्रित करने के लिए प्रमुख स्थानों पर स्पीड मीटर लगाए जाने चाहिए, ताकि तेज रफ्तार से वाहन चलाने वालों पर कार्रवाई हो सके।
बाजार बंद होने तक जारी रहे नो-एंट्री
उन्होंने कहा कि रामगढ़ शहर के बाजार रात 9 से 9:30 बजे तक खुले रहते हैं। ऐसे में आम लोगों की सुरक्षा और बाजार की आवाजाही को ध्यान में रखते हुए रात्रि नो-एंट्री का समय बढ़ाकर रात 10 बजे तक किया जाना चाहिए।
आवश्यक कदम उठाने की मांग
नीरज मंडल ने जिला प्रशासन से त्योहारों के दौरान लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और संभावित सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की।






